- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- झूम उठे बादल, कुछ देर जमकर बरसे फिर...
झूम उठे बादल, कुछ देर जमकर बरसे फिर निकली धूप

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मंगलवार सुबह से दोपहर तक बारिश की बौछारें आती जाती रही। दोपहर बाद थोड़ी धूप निकली, इसके बाद शाम तक मौसम फिर ठंडा होने लगा है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र का असर नागपुर व आस-पास के जिले में दिखाई दे रहा है। सोमवार शाम को जिले में जगह-जगह बारिश हुई। पिछले कई दिनों से उमस व गर्मी से परेशान लोगों के लिए यह बारिश राहत भरी रही। बाारिश से रात का मौसम ठंडा-ठंडा हो गया आैर तापमान में भी भारी गिरावट आ गई है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 7.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को भारी बारिश होने की संभावना है। अगले कुछ दिनों तक उमस व गर्मी से राहत मिल सकती है।
मौसम हुआ ठंडा
माैसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र का असर मध्य भारत में दिखाई दे रहा है। ऊपरी हवा में चक्रवात होने से सोमवार शाम को जिले में कई जगह बारिश हुई। शहर में कई जगह मध्यम व जोरदार बारिश हुई। तापमान में गिरावट आने के साथ ही मौसम ठंडा-ठंडा हो गया। रात को गुलाबी ठंड का एहसास हुआ। मंगलवार व बुधवार को जिले में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। पिछले कुछ दिनों से रुठा मानसून लगातार दो दिन रुक-रुककर बरस सकता है। सोमवार को अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
जल-जमाव की परेशानी
सोमवार शाम को एक घंटे तक हुई बारिश से कई जगह जल-जमाव जैसी स्थिति बन गई थी। रास्ते व चाैराहे पर बारिश का पानी जमा हो गया था। गर्मी के कारण कोई भी रेनकोट लेकर नहीं निकल रहा था। सोमवार शाम को अचानक हुई बारिश से वाहन चालक भीग गए। कई दिनों के बाद हुई बारिश का मजा लोगों ने भीग कर लिया।
Created On :   17 Aug 2021 5:27 PM IST