- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- रमी क्लब से दबोचे गये जुआरी, पुलिस...
रमी क्लब से दबोचे गये जुआरी, पुलिस ने मारा छापा, 5 लाख का माल बरामद

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में कुछ संस्थाओं द्वारा रमी क्लब संचालित किए जा रहे हैं। इसमें मनोरंजन के नाम पर अवैध धंधे किए जा रहे हैं। रमी क्लब के नाम पर देर रात तक जुआ अड्डे चलाए जा रहे हैं। ऐसे ही एक जुआ अड्डे पर पांचपावली पुलिस ने छापा मारा। रमी क्लब के नाम पर चल रहे इस जुआ अड्डे से 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें जुआ अड्डे के संचालक के बेटे विनोद पांडुरंग शिंदेकर और उसका भाई नरेंद्र पांडुरंग शिंदेकर भी शामिल है। पुलिस दस्ते ने जुआ अड्डे से नकदी, वाहन, मोबाइल व जुआ खेलने की सामग्री सहित करीब सवा 5 लाख रुपए का माल जब्त किया है।
मिली थी गुप्त जानकारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार पांचपावली के वरिष्ठ थानेदार अशोक मेश्राम को गुप्त जानकारी मिली कि, नंदगिरी रोड पर प्लाट नं.-909 में नागपुर जिम व बहुउद्देशीय संस्था का रमी क्लब चलता है। इसके प्रबंधक पांडुरंग शिंदेकर हैं। इस क्लब में जुआ अड्डा चल रहा है। पुलिस ने सोमवार को देर रात करीब 1.20 बजे इस जुआ अड्डे पर छापा मारा। अड्डे से विनोद शिंदेकर, नंदागिरी रोड, पांचपावली, नरेंद्र शिंदेकर, मोचीपुरा, ठक्करग्राम, गुड्डू मुलपुरी, खलासी लाइन, मोहन नगर, जितेंद्र शामराव हेडाऊ, टिमकी, रंभाजी रोड, सफीर बेग, कामठी निवासी सहित अन्य 21 जुआरियों को पकड़ा गया।
यह सभी जुआरी घटनास्थल पर एक कमरे में बैठकर ताश पत्ते पर हारजीत का दांव लगा रहे थे। जुआ अड्डे से 12 हजार 400 रुपए, 18 मोबाइल, 8 दोपहिया वाहन जब्त किए गए। आरोपियों के खिलाफ जुआ प्रतिबंधक कानून के तहत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त राहुल माकणीकर , एसीपी मुंडे के आदेश पर पांचपावली के वरिष्ठ थानेदार अशोक मेश्राम, सहायक पुलिस निरीक्षक सुरोशे, उप-निरीक्षक गोडबोले, खंडार, हवलदार संतोष ठाकुर, रामेश्वर कोहले , दिनेश भोयर, नायब सिपाही विनोद बरडे, अमित सातपुते, अरुण बावणे, अभय साखरे, सिपाही नितीन धकाते, नितीन वर्मा व अन्य कर्मचारियों ने कार्रवाई की।
Created On :   7 Aug 2019 1:18 PM IST