- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- पाइपलाइन फूटने से शहर भर में परेशान...
पाइपलाइन फूटने से शहर भर में परेशान रहे लोग, लोगों ने मुश्किल से किया बंदोबस्त

डिजिटल डेस्क, शहडोल। धुरवार के पास पाइपलाइन फूटने के कारण गुरुवार को शहर में पानी की सप्लाई नहीं हो पाई। लोगों ने किसी तरह यहां-वहां से पानी का इंतजाम करके काम चलाया। इस समय रमजान का महीना चल रहा है, रोजेदारों को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई। लोगों ने पड़ोसियों और हैंडपंप से पानी लाकर अपनी जरूरतें पूरी की। शहर में करीब साढ़े चार हजार नल कनेक्शन हैं। दूसरे दिन भी यही हाल रहा।धुरवार के पास बुधवार रात करीब पौने दस बजे नगर पालिका की सरफा फिल्टर प्लांट से आने वाली पाइपलाइन फूट गई। बताया जाता है कि इसके ऊपर से हाइवा निकला था, इसी वजह से पाइप टूटी है। पाइप में करीब 4 फीट तक दरार आ गई थी। इसके बाद पानी की प्लांट से पानी की सप्लाई रोक दी गई, जिससे शहर में पानी की टंकियां नहीं भर पाई और गुरुवार को पूरे शहर को पानी नहीं मिला।
पुरानी बस्ती निवासी गुलाम रब्बानी, सुंदर चौधरी, केशव, गुड्डा ने बताया कि उनके घरों में बोर नहीं है। सुबह 7 से 8 बजे तक होने वाली पानी की सप्लाई से ही उनका काम चलता है। गुरुवार को हैंडपंप से पानी लाना पड़ा। वहीं बाजार क्षेत्र मेें अब्दुल नफीस और उनके पड़ोसी ने सामने वाले घर से पानी लेकर अपना काम चलाया।
4 फीट में आई थी दरार
पाइप लाइन में करीब 4 फीट तक दरार आई है। बुधवार रात जैसे ही नगर पालिका को इसकी जानकारी हुई, सरफा प्लांट से पानी की सप्लाई बंद करा दी गई। सुबह करीब आठ बजे से गड्ढा खोदकर पाइपलाइन सुधारने में नगर पालिका का अमला जुटा रहा। करीब 10 फीट का नया पाइप लगाया गया है। रात 11 बजे के पहले काम पूरा होने की उम्मीद थी। इसके बाद शहर की पानी की टंकियों को भरा जाएगा, ताकि सुबह पानी की सप्लाई पहले की तरह की जा सके। शहर के कुछ हिस्सों में सुबह के समय एक घंटे पानी की सप्लाई की जाती है, जबकि कुछ हिस्सों में शाम के समय पानी की सप्लाई होती है।
शहर में छह पानी की टंकियां
शहर में छह पानी की टंकियां हैं। इंदिरा चौक, अंबेडकर पार्क घरौला मोहल्ला, गंज के पास, हाउसिंग बोर्ड, जय स्तंभ और पुरानी बस्ती। इनमें पानी स्टोर करके आसपास की कॉलोनियों में सप्लाई किया जाता है। वहीं सोहागपुर और पांडवनगर इलाकों में पानी की सप्लाई डायरेक्ट की जाती है। नगर पालिका क्षेत्र में पांच नई पानी की टंकियों का निर्माण कराया गया है। अभी इनकी टेस्टिंग चल रही है। इनके शुरु होने से शहर का हर इलाका कवर हो जाएगा। नई पानी की टंकियां वार्ड 22 मतनी टोला, नया बस स्टैंड, पटेल नगर में करण तलैया के पास, सोहागपुर में राजाबाग के पास और खेर माई मंदिर के पास पांडवनगर में बनाई गई है।
इनका कहना है
रात में पाइप लाइन टूट गई थी। दिनभर इसे सुधारने का काम जारी रहा। टूटी पाइप को निकालकर नई पाइप डाली गई है। रात तक इसे सुधार दिया जाएगा। शुक्रवार को शाम से पानी की सप्लाई शहर में होगी।
उर्मिला कटारे, अध्यक्ष नपा शहडोल
Created On :   15 Jun 2018 1:45 PM IST