- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छतरपुर
- /
- अस्पताल में ओपीडी सुबह 9 से दोपहर 2...
अस्पताल में ओपीडी सुबह 9 से दोपहर 2 और शाम 5 से 6 बजे तक खुलेगी

डिजिटल डेस्क,छतरपुर। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने नया आदेश जारी किया है। इसमें हर सेवा का समय तय किया गया है। वहीं ओपीडी का समय बदल दिया है। इसके तहत ओपीडी अब शाम को भी खुलेगी। रविवार और अन्य अवकाश के दिनों में जिला और सिविल अस्पताल में 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं मिलेंगी। बाह्य रोगी विभाग सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक एवं शाम 5 से 6 बजे का समय निर्धारित किया गया है। मरीजों का पंजीयन दोपहर 1.45 तक किया जाएगा।
अस्पताल के अंत: रोगी विभाग में भर्ती मरीजों का सुबह का राउंड समस्त डॉक्टर 9.30 बजे से पहले करेंगे। जिन डॉक्टरों के जिस दिन मरीज भर्ती नहीं होंगे, उस दिन राउंड नहीं करेंगे। ऐसे सभी डॉक्टर सुबह 9 बजे से ओपीडी कक्ष में उपस्थित रहकर कार्य करेंगे। सामान्य दिनों के साथ-साथ रविवार और अन्य अवकाश के दिनों में जिला अस्पताल एवं सिविल अस्पताल में आपातकालीन सेवाएं 24 घंटे जारी रहेंगी। दो दिन का अवकाश निरंतर रहने की स्थिति में द्वितीय अवकाश के दिन नियमित ओपीडी सुबह 9 से 11 बजे तक खुली रहेगी। यानी दिन लगातार ओपीडी बंद नहीं रहेगी।
आपातकालीन ड्यूटी में डॉक्टरों की संख्या तय
400 से अधिक बिस्तरों वाले अस्पताल में प्रथम शिफ्ट में 2 डॉक्टर, दूसरी में 2, तीसरी शिफ्ट में 2 डॉक्टर आपातकालीन ड्यूटी करेंगे। 200 से 400 बिस्तरों वाले अस्पताल में प्रथम शिफ्ट में 1 डॉक्टर, दूसरी शिफ्ट में 1 डॉक्टर और तीसरी शिफ्ट में 2 डॉक्टर रहेंगे। इसी तरह 200 से कम बिस्तरों वाले अस्पताल में तीनों शिफ्टों में 1-1 डॉक्टर की इमरजेंसी ड्यूटी लगेगी।
जांच केंद्र दोपहर 3 बजे तक खुले रहेंगे
जिला अस्पताल में जांच केंद्र पैथोलॉजी, बयोकेमेस्ट्री, रेडियोलॉजी सुबह 8 से दोपहर 3 बजे तक खुलें रहेंगे। जिन अस्पतालों में तीन से अधिक लेब टेक्नीशियन पदस्थ हैं, वहां सेंपल कलेक्शन सेंटर बढ़ाए जाएंगे। सैंपलों की रिपोर्ट उसी दिन शाम को देने का आदेश जारी किया गया है।
आपातकालीन सेवाएं तीन शिफ्ट में चलेंगी
पहली शिफ्ट : सुबह 8 से दोपहर 3 बजे तक
दूसरी शिफ्ट : दोपहर 2 से रात 8 बजे तक
तीसरी शिफ्ट : रात 8 से सुबह 8 बजे तक
Created On :   16 Sept 2022 2:20 PM IST