- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छतरपुर
- /
- रामपुर घाट में वृद्ध व्यापारी की घर...
रामपुर घाट में वृद्ध व्यापारी की घर में घुसकर हत्या

डिजिटल डेस्क, छतरपुर, सरवई। गोयरा थाना इलाके के ग्राम रामपुर घाट के पास एक 65 वर्षीय वृद्ध की घर में घुसकर अज्ञात आरोपियों ने किसी भारी वस्तु के प्रहार से हत्या कर दी। उक्त स्थल पर रेत के ट्रकों की दिन-रात आवाजाही होती है और पास में अन्य दुकानें भी हैं, लेकिन घटना की जानकारी किसी को भी नहीं लगी। सुबह जब पुत्र मौके पर पहुंचा, तब घटना का खुलासा हुआ और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटना के सभी पहलुओं को जांच में लिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम रामपुर घाट निवासी रामदेव केवट गिरवां मार्ग पर फतेहपुर तिगैला के पास वाले घर में रहता था, जहां वह सीमेंट, सरिया व ईंटों का व्यापार करता था। बाकी का परिवार गांव वाले घर में निवासरत है। शनिवार की शाम करीब 8 बजे वह रोज की तरह पास में बनी बच्चा केवट की चाय वाली गुमटी में चाय पीने आया था और करीब 9.30 बजे वह कमरे में सोने गया।
इसके बाद रविवार की सुबह 8 बजे जब बेटा बलवीर नाश्ता लेकर पहुंचा तो मकान के गेट खुले थे। अंदर जाकर देखा, जहां पिता खून से लथपथ हालत में पड़ा है। घटना स्थल के समीप टीवीएस बाइक एमपी 35 एमडी 5325 लावारिस हालात में मिली है। यह अरविंद सिंह यादव ग्राम धवारी तहसील अजयगढ़ के नाम रजिस्टर्ड है। अंदेशा लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने घटना में उक्त बाइक का उपयोग किया है और उन्होंने लूट के इरादे से गेट खुलवाए, जहां अंदर जाकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। एसडीओपी पीएल प्रजापति ने बताया कि प्रथम दृष्टया यही मालूम हो सका है कि रामदेव की हत्या किसी वजनदार वस्तु से प्रहार कर की गई है। इसकी बारीकी से जांच की जा रही है और हत्यारों का जल्द पता लगा लिया जाएगा।
Created On :   8 Aug 2022 1:52 PM IST