अब पड़ेगी कड़ाके की सर्दी दिन के पारे ने बढ़ाई ठंडक

डिजिटल डेस्क,कटनी। रात का स्थिर तापमान, फिर भी गलाव से राहत नहीं, अब पड़ेगी कड़ाके की सर्दी दिन का पारा जहां गोता लगा रहा है। वहीं एक सप्ताह से रात का पारा स्थिर बना हुआ है। 28 दिसम्बर को रात का पारा जहां 6.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं नए वर्ष की पहली रात का तापमान 8.4 डिसे रहा। इस तरह से पांच दिनों के अंतराल में जहां रात के पारे में करीब दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। वहीं दिन का पारा पांच दिन के अंतराल में दो डिग्री और दो दिन के अंतराल में छह डिग्री सेल्सियस गोता लगाया हुआ है। एक दिन पहले दिन का पारा 25.7 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा। रात में भले ही पारा 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास मंडरा रहा हो। इसके बावजूद गलाव बनी हुई है।
जनजीवन पर असर
ठंड का असर जनजीवन में भी दिखाई दिया। नए वर्ष के पहले दिन जरुर बाहर जाकर पूरे दिन घूमने का प्लान बनाए हुए थे, लेकिन ठंड ने उनकी मंशा पर पानी फेर दिया। मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों में पूजन-पाठ करने के बाद घरों की ओर लौटते हुए दिनभर बिस्तर में ही दुबके रहे। आमतौर पर नए वर्ष के पहले दिन बाजार में दिनभर चहल-पहली बनी रहती थी, लेकिन इस बार बाजार में सन्नाटा ही नजर आया। यहां तक की बस स्टैण्ड में भी गिने-चुने यात्री ही दिखाई दिए।
फसलों पर सामान्य प्रभाव
कृषि विज्ञान केन्द्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ. संदीप कुमार चंद्रवंशी ने बताया कि केन्द्र के ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन में जिस तरह से दिन और रात का पारा दर्ज किया गया है। उससे फसलों पर सामान्य प्रभाव है। पश्चिमी विक्षोभ से रात का पारा भी नीचे की ओर गोता लगाएगा। आगामी समय में दिन के साथ रात में भी कड़ाके की सर्दी पड़ेगी।
Created On :   2 Jan 2023 2:23 PM IST