- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- बेसा रोड पर मनोरोगी युवक को पत्थर...
बेसा रोड पर मनोरोगी युवक को पत्थर से कुचलकर मार डाला

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सिगरेट मांगने के बाद गाली-गलौज करने पर दो आरोपियों ने एक मनोरोगी युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। मृतक संदीप किसन दुपारे (40) कपिलनगर कॉलोनी बेसा रोड निवासी है। संदीप की हत्या के आरोप में पुलिस ने आराेपी उज्ज्वल भिसीकर (27) और उसके साथी राकेश बाहेश्वर (30) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को नशाखोरी की आदत है। वह गांजा पीते हैं। घटना के दिन संदीप ने आरोपियों से सिगरेट मांगा। आरोपियों ने सिगरेट दिया, तो वह गाली-गलौज करने लगा। इस बात से चिढ़कर आरोपियों ने उसके सिर पर पत्थर से मारकर हत्या कर दी। अजनी पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज किया है।
करीब एक सप्ताह से घर से बाहर था : पुलिस सूत्रों के अनुसार संदीप मनोरोगी था। वह घर से बाहर निकल जाया करता था। पश्चात घर भी वापस चला जाता था। वह घर से िनकलकर अंबा शक्ति नगर बेसा रोड परिसर में करीब एक सप्ताह से घूम रहा था। वह खाली बोतलें जमा करता था। कहीं पर भी खाना खाता था और कहीं पर भी सो जाया करता था। बुधवार की रात बेसा रोड पर अंबाशक्ति नगर में भारत गैस गोदाम के पास उसने आरोपी उज्ज्वल भिसीकर और राकेश बाहेश्वर को बैठे देखा। दोनों उस परिसर में गांजा पीने जाया करते थे। संदीप ने दोनों से सिगरेट मांगा। सिगरेट देने पर संदीप दोनों को गाली-गलौज करने लगा। इससे चिढ़कर उज्ज्वल और राकेश ने संदीप के सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी। रात के अंधेरे में पत्थर से सिर पर हमला करने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।
माॅर्निंग वॉक के लिए निकले लोगों ने देखा शव : गुरुवार की सुबह परिसर के लोग मार्निंग वॉक के लिए निकले तब उन्हें भारत गैस गोदाम के पास एक युवक खून से लथपथ पड़ा दिखाई दिया। किसी ने मृतक युवक को पहचाना और उसके भाई को इसकी जानकारी दी। उसका भाई घटनास्थल पर पहुंचा तो देखा कि संदीप बेहोशी की स्थिति में है और उसके शरीर से खून बह रहा है। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। अजनी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। संदीप को मेडिकल अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक जांच के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। गुप्त सूचना के आधार पर अजनी पुलिस ने आरोपी उज्ज्वल भिसीकर और उसके साथी राकेश बाहेश्वर को धर दबोचा। दोनों आरोपियों ने संदीप की हत्या किए जाने की बात कबूल की है।
Created On :   22 April 2022 5:38 PM IST