- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- हैवानियत की शिकार हुईं मां-बेटी ,...
हैवानियत की शिकार हुईं मां-बेटी , पुलिस ने तीन माह बाद आरोपियों को किया नामजद

डिजिटल डेस्क, अमरावती। देश में लाख कोशिशों के बावजूद हैवानियत के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। ऐसा ही एक मामला अमरावती जिले के अंजनगांव सुर्जी में उजागर हुआ है। दिल दहला देनेवाली इस घटना में अंजनगांव पुलिस ने दस आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। हैरत की बात यह है कि यह मामला विगत 26 अक्टूबर यानी तीन माह पूर्व हुआ था, लेकिन पुलिस इस मामले को हल्का समझकर जांच के नाम पर टालती रही। आखिरकार भारी दबाव के बाद शनिवार को आरोपियों को नामजद कर लिया गया।
बताया जाता है कि अंजनगांव निवासी एक 45 वर्षीय महिला के पति का निधन हो गया था। वह अपनी 21 वर्षीय बेटी और एक बेटे के साथ रहती है। विगत 26 अक्टूबर 2019 की रात परिसर में रहने वाले गुड्ड्या इंगले (30), शिवा (30), बुटक्या इंगले (25), नितिन घन (35), आशीष ढेंगे (32), रवि ढेंगे (35), बाबासाहब गायगोले (35), सुधीर बोरखडे (35), नानासाहब गायगोले सहित कुल 10 लोग महिला के घर में शराब के नशे में जबरन घुस गए और 6 लोगों ने महिला के साथ तथा 4 लोगों ने उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया। इस घटना के बाद घबराई मां-बेटी इसकी शिकायत लेकर दूसरे दिन पुलिस थाने पहुंची, लेकिन पुलिस ने घटना के संबंध में संदेह जताते हुए उनकी शिकायत लिए बिना ही उन्हें वापस लौटा दिया। बताया जाता है कि इसके बाद महिला और पीडि़त बेटी शिकायत दर्ज करवाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों से भी कई बार मिली। इसके बावजूद इसके पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया।
शनिवार को इन आरोपियों के साथ मिलकर करीब 20 से 22 लोगों ने फिर से शनिवार को महिला के घर में घुसकर भारी हंगामा किया। यही नहीं दोनों पीडि़ता की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद महिला को अमरावती के इर्विन अस्पताल में भर्ती कराया गया तब कहीं जाकर पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत दर्ज की। इस मामले में अंजनगांव सुर्जी पुलिस ने विविध धाराओं के तहत दस आरोपियों पर मामला दर्ज किया है। दोनों पीडि़ता को उपचार के लिए अमरावती के इर्विन अस्पताल में भर्ती करने के बाद पीडि़ता ने आरोप लगाया कि यदि पुलिस अक्टूबर माह में ही शिकायत दर्ज कर लेती तो शायद यह घटना नहीं होती। पुलिस ने रविवार की रात सभी 10 आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म की धारा 376, 376 (ड), 452, 323, 504, 506, 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सर्विस गली में मिला भ्रूण
अमरावती खोलापुरी पुलिस थाना क्षेत्र के महाजनपुरा परिसर की सर्विस गली में रविवार शाम नाली में एक भ्रूण पाया गया। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस उपनिरीक्षक काठेवाडे, प्रवीण खैरकर का दल तुरंत घटनास्थल पहुंचा। भ्रूण बरामद कर पुलिस ने शिनाख्त के लिए इर्विन अस्पताल में रखा है। पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ धारा 318 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Created On :   17 Dec 2019 4:30 PM IST