- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- उधार पैसे वापस मांगने पर प्रेमी ने...
उधार पैसे वापस मांगने पर प्रेमी ने महिला की हत्या कर शव बांध में फेंका

डिजिटल डेस्क, मुंबई। उधार दिए पैसे मांगने से नाराज अपनी 27 वर्षीय प्रेमिका की हत्या कर शव पत्थर में बांधकर बांध में फेंकने वाले मुख्य आरोपी और उसके तीन साथियों को नई मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों को सातारा जिसे से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी मृतका की सात साल की बेटी को अपने साथ ले गया था और उसे अपने साथ ही रखा था। पुलिस ने बच्ची को बालगृह में भेज दिया है। नई मुंबई के मोर्बे बांध मे 16 सितंबर को एक महिला का शव मिला था। शव के साथ पुलिस को एक पत्थर बंधा हुआ मिला। शव पर कपड़े नहीं थे साथ ही चेहरा भी पहचानने लायक नहीं था, लेकिन हाथ में बने टैटू के सहारे पुलिस ने जांच शुरू की। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि बरामद शव पनवेल के आकुर्ली इलाके में रहने वाली रेशमा मौर्या नाम की एक महिला का है। वह अपनी सात साल की बेटी के साथ रहती थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से उसे किसी ने नहीं देखा था। पूछताछ में पता चला कि महिला के पति की कुछ साल पहले मौत हो गई थी और उसके पनवेल के ही कोप्रोली इलाके में रहने वाले शशि पाटील नाम के 32 वर्षीय व्यक्ति से संबंध थे। इसके बाद पुलिस सातारा के कोरेगांव इलाके में रहने वाले आरोपी तक पहुंच गई और उसे दबोच लिया।
मुख्य आरोपी और उसके तीन साथी गिरफ्तार
महिला की बेटी भी पुलिस को आरोपी के पास ही मिली। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने महिला से कुछ पैसे उधार लिए थे, जिसे महिला वापस मांग रही थी। यही नहीं पैसे वापस करने को लेकर उसने शशि के घर में जाकर हंगामा किया था। इसीलिए उसने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची और महिला को मौत के घाट उतारने के बाद उसका शव पत्थर से बांधकर बांध में फेंक दिया। सीनियर इंस्पेक्टर अशोक राजपूत ने बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
Created On :   20 Sept 2020 6:27 PM IST