कोल जनजाति के महाकुंभ में बोले-प्रदेश में एक बार फिर बनाएं भाजपा की सरकार

डिजिटल डेस्क,सतना। चुनावी साल में विंध्य की 30 विधानसभा क्षेत्रों के तकरीबन 24 लाख आदिवासी वोटर्स को लक्ष्य कर शबरी जयंती के मौके पर मैत्री पार्क में आयोजित कोल समाज के महाकुंभ में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इलेक्शन मोड पर नजर आए। बिना लाग-लपेट केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने जोर देकर कहा कि एक बार फिर से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाएं। उन्होंने कहा कि ऊपर नरेंद्र मोदी और नीचे शिवराज सिंह के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन सरकार आदिवासियों,दलितों-पिछड़ों और गरीबों की सरकार है। उद्देश्य सबको सुख पहुंचाना है।
इसीलिए गिर गई पंजे की सरकार
कांग्रेस की कमलनाथ सरकार को आड़े हाथ लेते हुए केंद्रीय गृहमंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ समय के लिए सत्ता में आई पंजे की सरकार ने भाजपा की जनजाति की सभी कल्याणकारी योजनाएं रोक दी थीं। भगवान ने भला किया, सरकार गिर गई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पुन: योजनाएं लागू कीं। 1831 के कोल विद्रोह का उल्लेख करते हुए श्री शाह ने कहा कि भाजपा की सरकार ने जनजाति वर्ग के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान में 200 करोड़ के 10 स्मारक बनाए हैं। अपने 13 मिनट 26 सेकंड के भाषण में अमित शाह ने एक बार फिर से कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 70 साल में कभी जनजाति के बेटे-बेटियों को राष्ट्रपति नहीं बनाया गया। मगर, शीर्ष पद पर द्रोपद्री मुर्मु को आसीन कर भाजपा ने समग्र जनजाति के प्रति सम्मान जताया। श्री शाह ने कहा कि देश के आदिवासियों पर कांग्रेस की सरकार ने सिर्फ 24 हजार करोड़ खर्च किए थे,लेकिन भाजपा ने 89 हजार करोड़ खर्च किए।
हमें आपका साथ चाहिए : मुख्यमंत्री
कोल समाज के महाकुंभ में अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जो अपना साथ दे, उसका साथ देना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के साथ आएं। हमें आपका साथ चाहिए, साथ चलें। सीएम ने कहा कि यह महज महाकुंभ नहीं है। कोल समाज की जिंदगी बदलने का अभियान है। उन्होंने कहा कि बैगा,भारिया और सहारिया जनजाति की महिलाओं की तरह कोल जनजाति की महिलाओं को भी एक हजार रुपए का पोषण अनुदान प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोल समाज के भूमिहीनों को रहने के लिए आवासीय प्लाट के मालिकाना हक दिए जांएगे। बेटे-बेटियों को व्यवसाय के लिए सरकार गारंटी लेकर लोन दिलाएगी। ब्याज पर भी सब्सिडी दी जाएगी।
Created On :   24 Feb 2023 6:16 PM IST