टायर फटने से लहराकर पलटी जीप, महिला की मौत, 7 घायल

डिजिटल डेस्क जबलपुर। कुंडम थाना क्षेत्र स्थित ग्राम मझगाँव से सतावेली मार्ग पर बुधवार की दोपहर ओवरलोड यात्री जीप का टायर फटने से अनियंत्रित होकर वह खेत में पलट गई। हादसे के बाद जीप सवार यात्रियों में कोहराम मच गया। घायलों की चीख पुकार सुनकर ग्रामीण मदद को दौड़े और हादसे में गंभीर रूप से घायल 8 लोगों को इलाज के लिए कुंडम शासकीय अस्पताल पहुँचाया गया। जहाँ 21 वर्षीय महिला सेामबाई की मौत हो गई। मृतका की दो दिन बाद शादी होने वाली थी। इस खबर से मृतका के घर पर खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।
जानकारी के अनुसार मझगाँव से कुंडम आ रही जीप क्रमांक सीजी 10 एन 0337 महेंद्र साहू की है। वह स्वयं जीप में सवारी भरकर कुंडम के लिए रवाना हुआ था। दोपहर सवा 1 बजे के करीब ग्राम इतावली के पास तेज रफ्तार से भागती जीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जाकर पलट गई। हादसे में जीप में सवार अुम्मू सिंह बैगा उम्र 60 वर्ष, प्रीतम विश्वकर्मा उम्र 24 वर्ष, अमित विश्वकर्मा उम्र 20 वर्ष, धर्मेन्द्र उम्र 40 वर्ष, कमल मसराम उम्र 45 वर्ष, अम्मू गोंड उम्र 40 वर्ष, ओम बाई मार्को उम्र 35 वर्ष व सोम बाई मार्को उम्र 21 वर्ष सभी निवासी मझगाँव घायल हुए। सभी घायलों को इलाज के लिए शासकीय कुंडम अस्पताल पहुँचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने सोम बाई मार्को को मृत घोषित कर दिया।
खरीददारी करने जा रही थी बाजार
पुलिस के अनुसार ग्राम मझगाँव निवासी लम्मू सिंह मार्कों की बेटी सोम बाई का शुक्रवार को िववाह था। परिवार के सदस्य शादी की तैयारियों में जुटे थे। अपनी शादी की तैयारियों को लेकर सोम बाई खरीददारी करने के िलए बाजार जा रही थी। हादसे में उसकी मौत हो गई। इस खबर से लम्मू सिंह के घर पर मातम छा गया। सूचना पाकर अस्पताल पहुँचे लोग बदहवास नजर आ रहे थे, उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
हादसे के बाद भागा चालक
घायलों ने बताया कि जीप चालक वाहन को तेज रफ्तार से चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। वहीं जीप में करीब 20 सवारी भरी हुई थी। हादसे के बाद वाहन मालिक महेंद्र साहू जो कि वाहन चला रहा था मौके से भाग निकला। घायलों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी चालक की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए हैं।
Created On :   12 April 2023 11:00 PM IST