- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- घूमने से रोकता था पति, तो पत्नी ने...
घूमने से रोकता था पति, तो पत्नी ने गला घोंटकर उतार दिया मौत के घाट

डिजिटल डेस्क,सतना। पत्नी को घूमना पसंद था और पति उसको घूमने से रोकता था। आये दिन इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद की स्थिति निर्मित होती रही। पति द्वारा लगातार की जा रही रोक-टोक से नाराज पत्नी ने अपने पति की गला घोंटकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पंचनामा के लिए भेजते हुए आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला उचेहरा थाना अंतर्गत गोबरांवकला का है।
यह है पूरा मामला
इस संबंध में पुलिसने बताया कि मजदूरी करने वाले युवक की हत्या उसकी पत्नी ने गला घोंटकर कर दी। पुलिस ने अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए महिला को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी ने बताया कि राजकुमार उर्फ राजू पुत्र गोरेलाल चौधरी 30 वर्ष सतना में मजदूरी कर परिवार चलाता था। विगत 1 जुलाई की सुबह काम के लिए रवाना तो हुआ, लेकिन किसी वजह से आधे रास्ते से ही लौट गया। तकरीबन 11 बजे पड़ोसियों ने उसे घर के अंदर जाते देखा था। इसके लगभग 6 घंटे बाद युवक की पत्नी पिंक चौधरी उर्फ संगीता 28 वर्ष ने बाहर आकर शोर मचाया कि राजू ने आत्महत्या कर ली है। यह सुनकर मृतक के पिता व भाई समेत कई लोग दौड़कर अंदर गए तो युवक की लाश चारपाई पर पड़ी मिली। तभी संदेह जताते हुए परिजन ने थाने में सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के घरवालों ने उसकी पत्नी पर किसी अन्य की मदद से हत्या का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी की मांग की, जिसके बाद आरोपी पत्नी को गिरफ्तार किया गया है।
दोनों के बीच हुआ था जमकर विवाद
पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लिया तब लोगों को गुस्सा शांत हुआ। पोस्टमार्टम में गला दबाने से हत्या की पुष्टि हुई है। जब आरोपी पत्नी पिंकी से सख्त लहजे में पूछताछ की गई, तो उसने जुर्म कुबूल करते हुए बताया कि उसे घूमना-फिरना पसंद था, लेकिन पति बात-बात पर रोक-टोक करता था। सोमवार को भी वापस आकर विवाद करने लगा। बहस के दौरान उसने तमाचा जड़ दिया, तो गुस्से में आकर महिला उसे जमीन पर पटकते हुए गला दबा दिया, जिससे राजू की वहीं मौत हो गई।
फांसी लगाने की बनायी कहानी
पति की मौत हो जाने पर महिला अपने बचाव के लिए बहाना खोजती रही। सुबह 11 से 5 बजे तक उसने कई तरीके सोचे पर वह कामयाब नहीं हो पाई। जिसके बाद उसने शाम को पति के फांसी लगा लेने की कहानी बनाकर सबसे के सामने रख दी पर उसका यह खेल जल्द ही सामने आ गया। वहीं घटना के समय घर पर रहे 5 वर्षीय बेटे ने भी पुलिस के सामने कलियुगी मां की करतूत खोल कर रख दी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी के साथ सब इंस्पेक्टर अभिलाषा नायक आदि ने अहम भूमिका निभाई।
Created On :   5 July 2019 9:48 PM IST