- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- बालाघाट
- /
- भव्य अंदाज में निकली विशाल तिरंगा...
भव्य अंदाज में निकली विशाल तिरंगा यात्रा, लगे देशभक्ति के नारे

डिजिटल डेस्क, बालाघाट। राष्ट्रीय विचार मंच की ओर से बुधवार को शहर में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिले में गत दिनों हुई मूसलाधार बारिश के कारण इस आयोजन को बुधवार को आयोजित किया गया। पूर्व में तिरंगा यात्रा 14 अगस्त को निकाली जानी थी। कालीपुतली चौक से शुरू हुई तिरंगा यात्रा में डेढ़ हजार से अधिक देशभक्त शामिल हुए। हाथों में तिरंगा थामे लोगों ने देशप्रेम से जुड़े जोश से भरे नारे लगाए। तिरंगा यात्रा में शहर के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं, पुलिसकर्मी, ब्रह्मकुमार संस्था, गायत्री परिवार सहित अन्य धार्मिक व सामाजिक संगठनों के सदस्य व पदाधिकारी शामिल हुए। तिरंगा यात्रा कालीपुतली चौक से राजघाट चौक, सुभाष चौक, महावीर चौक से सराफा बाजार होते हुए हनुमान चौक पहुंचीं। इस दौरान यातायात पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था संभाली गई। इस मौके पर राष्ट्रीय विचार मंच की संयोजिका लता एलकर, अभय कोचर, नपाध्यक्ष भारती ठाकुर, सीएसपी अंजुल अयंक मिश्र, कोतवाली टीआई केएस गेहलोत, भरवेली टीआई नीरज मेड़ा, यातायात थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह यादव सहित पार्षदगण मौजूद रहे।
Created On :   18 Aug 2022 5:00 PM IST