- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गडचिरोली
- /
- पर्लकोटा फिर उफान पर,कई गांवों का...
पर्लकोटा फिर उफान पर,कई गांवों का संपर्क टूटा

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। गड़चिरोली जिले की पर्लकोटा नदी का जलस्तर बढ़ जाने से करीब 100 गांवों का संपर्क कट गया है। चंद्रपुर, भंडारा और वर्धा में भी भारी बारिश की जानकारी मिली है। कई स्थानों पर बांधों के गेट खोलने से नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। पिछले दो दिन से गड़चिरोली जिले में निरंतर वर्षा का दौर चल रहा है जिससे नदी-नाले उफान पर हैं। मंगलवार सुबह से शुरू हुई मूसलाधार बारिश के कारण भामरागढ़ तहसील मुख्यालय से सटी पर्लकोटा नदी एक बार फिर उफान पर है।
बुधवार की सुबह भी रिम-झिम बारिश होती रही। लगातार हो रही बारिश से पुलिया के करीब दो फीट ऊपर से पानी बह रहा है। भामरागढ़-आलापल्ली मार्ग बंद हो गया है। तहसील के करीब 100 गांवों का संपर्क टूट गया है। कई गांवों की बत्ती गुल हो गई है। कुरखेड़ा तहसील से बहनेवाली सती नदी उफान पर है। तहसील का कढोली-वैरागड़ मार्ग भी बंद हो गया है। चंद्रपुर जिले में भी बारिश ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया है। सोमवार रात इरई डैम के दो गेट 0.25 मीटर तक खोल दिए गए थे। जिले के 10 बांधों में से 8 सौ फीसदी भर गए हैं। वर्धा में भी पिछले सप्ताह से हो रही रिमझिम वर्षा से अधिकांश बांध लबालब हो चुके हैं। अब तक जिले में 78.30 फीस़दी बारिश दर्ज की गई है। वर्धा जिले के 15 बड़े बांधों में से 8 बांध ओवर फ्लो हो चुके हैं।
वर्धा जिले के वडगाव बांध के 3 गेट 10 सेमी तक खोल दिए गए हैं। लाल नाला बांध के भी 5 गेट 5 सेमी खोल दिए गए हैं। इनके अलावा नांद बांध के 2 गेट 5 सेमी तक खोले गए हैं। भंडारा में भी झमाझम बारिश होने से चांदपुर जलाशय ओवरफ्लो हो गया। गोसीखुर्द बांध के तीन गेट मंगलवार शाम खोल दिए गए। गोंदिया जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान सभी तहसीलों में भारी वर्षा के कारण अर्जुनी मोरगांव तहसील में स्थित जिले का सबसे बड़ा इटियाडोह जलाशय तड़के 4 बजे ओवरफ्लो हो गया। जिले के 7 राजस्व मंडलों में अतिवृष्टि दर्ज की गई है। पूरे विदर्भ में बुधवार को भी बारिश होने की जानकारी मौसम विभाग ने दी है।
Created On :   4 Sept 2019 1:11 PM IST