दिन में गर्मी रात में ठंड, मौसम के उतार-चढ़ाव ने बढ़ाई परेशानी

डिजिटल डेस्क,शहडोल। मौसम के मिजाज में उतार-चढ़ाव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दिन के समय गर्मी का अहवास और शाम होते ही कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लगता ही नहीं कि यह फरवरी महीना चल रहा है। अमूनन बसंत पंचमी के बाद दिन व रात के तापमान में समानता बन जाती है, लेकिन इस बार दिन-रात के तापमान में आधे से ज्यादा का अंतर बना हुआ है। दिन के समय अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री के बीच रहता है तो रात का तापमान लुढक़कर 6 से 7 डिग्री तक पहुंच जाता है।
कृषि विज्ञान केंंद्र के मौसम विभाग के अनुसार आगामी कुछ दिन तक इस प्रकार की ठंड पड़ती रहेगी। तापमान में इस अंतर का असर लोगों के स्वास्थ्य पर तेजी से पड़ रहा है। लोग वायरल और सर्दी-खांसी की चपेट में आ रहे हैं। जिला चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. राजेश मिश्रा के अनुसार अस्पताल आने वाले ज्यादातर मरीज सर्दी-जुकाम व बुखार के होते हैं। यह सब मौसम के उतार-चढ़ाव के चलते हो रहा है।
ऐसी है मौसम की चाल (डिसे)
दिनांक अधिकतम न्यूनतम
31 जनवरी 27.2 11.6
1 फरवरी 28.0 6.8
2 फरवरी 28.1 5.6
5 फरवरी 30.3 5.3
6 फरवरी 31.6 6.3
7 फरवरी 32.2 6.6
8 फरवरी 29.3 7.9
Created On :   10 Feb 2023 5:14 PM IST