- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परिवार...
गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परिवार की संयुक्त जिम्मेदारी होनी चाहिए

डिजिटल डेस्क, मुंबई। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परिवार की संयुक्त जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अब केवल महिलाओं तक मातृ स्वास्थ्य पर चर्चा सीमित नहीं है। पुरुष भी महिलाओं की सेहत के बारे में सोचने लगे हैं। सोमवार को केंद्रीय मंत्री ईरानी और केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने पोषण माह के तहत मुंबई में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। दोनों मंत्रियों ने धारावी में एक एकीकृत बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) योजना के केंद्र में जाकर गर्भवती महिलाओं को पोषण किट वितरित किया। ईरानी ने कहा कि बच्चे के जन्म के बाद उसके जीवन के पहले दो साल कितने अहम हैं। यह समाज के सभी समुदाय और वर्ग के लोग जानते हैं। देश में कोई बच्चा कुपोषित न हो। इसके लिए हर भारतीय को संकल्प लेना चाहिए।
ईरानी ने कहा कि पोषण अभियान एक सामाजिक आंदोलन है। हम अल्पसंख्यक मंत्रालय के साथ इसे अल्पसंख्यक समुदायों के बीच ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। हमें खुशी है कि अल्पसंख्यक समुदाय के विभिन्न संगठनों ने पोषण जागरूकता अभियान को समर्थन दिया है। जबकि केंद्रीय मंत्री नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने स्वच्छता और स्वास्थ्य को अत्यधिक महत्व दिया है। देश में पहली बार कोई सरकार पोषण के महत्व के बारे में जागरूकता पैदा करने की कोशिश कर रही है। हम स्वस्थ और रोग मुक्त नया भारत बनाना चाहते हैं। नकवी ने कहा कि पोषण अभियान देश में विशेष रूप से बच्चों, किशोरियों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली मताओं में कुपोषण मिटाने के लिए एक जन आंदोलन बन गया है।
Created On :   7 Sept 2021 3:25 PM IST