- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छतरपुर
- /
- प्रधान आरक्षक की बंदर ने काटी नाक,...
प्रधान आरक्षक की बंदर ने काटी नाक, दूसरे के पैर में काटा

डिजिटल डेस्क छतरपुर। जिले के बमीठा थाने में सोमवार की सुबह बंदरों ने अचानक हमला बोल दिया। यहां एक प्रधान आरक्षक की बंदर ने नाक काट ली, वहीं एक आरक्षक के पैर में हमला किया। गंभीर रूप से घायल हुए आरक्षक को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। इस क्षेत्र में बीते एक सप्ताह से बंदरों के समूह का आतंक है। ये बीते चार दिनों में 10 लोगों को अपना निशाना बना चुके हंै। लेकिन बंदरों के आंतक को लेकर न तो वन विभाग सक्रिय है और न ही स्थानीय प्रशासन ने कोई उपाय किए हैं।
जानकारी के मुताबिक बमीठा थाने में तड़के सुबह 5 बजे बंदरों ने हमला कर थाने में ड्यूटी कर रहे प्रधान आरक्षक बसीर खान पर हमला कर उसकी नाक में काट लिया तो वहीं एक आरक्षक नीलध्वज सिंह को पैर में काटकर घायल कर दिया है। बंदर के आतंक से सुबह थाने में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया, जब अन्य पुलिसकर्मी आए और उन्होंने बंदरों को खदेड़ा तब कहीं बंदर मौके से भागे। यहां तक कि बंदर ने थाने के बाहर भी लोगों को अपना निशाना बनाया। इस क्षेत्र में बंदर परेशानी का सबब बने हुए हैं। इससे क्षेत्र के दहशत में है। उधर वन विभाग का कहना है कि उनके पास बंदरों को पकडऩे के लिए ट्रेंड स्टाफ नहीं है, इसके बावजूद पन्ना नेशनल पार्क प्रबंधन से संपर्क कर समाधान का प्रयास करेंगे।
बंदरों के झुंड ने स्कूली बच्चों पर भी किया हमला
बंदरों का यह झुंड इसके बाद स्कूल भी पहुंचा, जहां माध्यमिक शाला में बंदरों ने उपद्रव किया। माध्यमिक विद्यालय बमीठा के हेड मास्टर विमल जैन ने बताया कि स्कूल में पढ़ रहे बच्चे अरविंद कुशवाहा के हाथ में काटा है तो वहीं अपने घर के बाहर खेल रहे देवांश सिंह को भी बंदर ने हाथ में काट लिया है।
Created On :   6 Sept 2022 10:42 PM IST