- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- आसानी से नहीं टूट रहा गैंगस्टर...
आसानी से नहीं टूट रहा गैंगस्टर आंबेकर का आलीशन बंगला

डिजिटल डेस्क,नागपुर। कुख्यात गैंगस्टर संतोष आंबेकर का करोड़ों की लागत से बना आलीशान बंगला सीमेंट और लोहे के मजबूत जोड़ से बना है। यह तोड़ने से भी नहीं टूट रहा है। बंगले का अनधिकृत निर्माणकार्य तोड़ने के लिए बुधवार को 2 जेसीबी और 2 पोकलेन लगाए गए। बंगले का कंस्ट्रक्शन इतना मजबूत है, इतनी मशीनी लगाने के बाद भी उसे तोड़ने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिन भर में अनुमानित 20 फीट स्लैब का हिस्सा ही तोड़ पाए। बताया गया कि बंगले के निर्माणकार्य में संतोष आंबेकर ने 15 एमएम से अधिक मोटाई वाली सरिया का इस्तेमाल किया है। यहीं नहीं सीमेंट का जोड़ भी इतना मजबूत है कि ईंटें भी अलग करने में नाक में दम हो रहा है। बंगले में एक साथ इतनी भारी सामग्री का इस्तेमाल करने से अतिक्रमण निर्मूलन दस्ते को बुधवार को अनेक परेशानियाों का सामना करना पड़ा।
फिलहाल यह कार्रवाई अगले कुछ दिन तक और जारी रहने की संभावना है। इससे पहले मंगलवार को संतोष आंबेकर का हमालपुरा, अवधूत मंदिर रोड, इतवारी स्थित बंगला तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई थी। बताया गया कि आंबेकर ने तीन प्लाॅट को मिलाकर बड़ा बंगला बनाया था। उसका एक प्लॉट नेहा संतोष आंबेकर के नाम था। इस प्लाॅट पर 60.15 स्के. मीटर निर्माण कार्य अनधिकृत था। दूसरा प्लाट अमरचंद मदनलाल मेहता के नाम था। इसपर 721.56 स्के. मीटर अनधिकृत निर्माण किया गया था। तीसरा प्लाॅट संतोष आंबेकर के नाम पर था। इस प्लाॅट पर 21.30 स्के. मीटर निर्माण अनधिकृत था। तीनों प्लाॅट पर 803 स्के. मीटर (8640.28 स्के. फीट) अनधिकृत निर्माण था। जिसे तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई है।
2013 में नोटिस अब गिराया जर्जर मकान
मनपा प्रवर्तन विभाग ने अन्य जोन में भी कार्रवाई जारी रखी। बुधवार को धरमपेठ जोन अंतर्गत रामनगर, तेलंगखेड़ी स्थित गुलाबसिंह ठाकुर का जर्जर मकान तोड़ा गया। विशेष यह कि यह जर्जर मकान तोड़ने के लिए मनपा ने 2013 में गुलाबसिंह ठाकुर को नोटिस किया था। इतने सालों में नोटिस पर ठाकुर ने कोई कार्रवाई नहीं किए जाने के बाद बुधवार को मनपा ने यह जर्जर मकान तोड़ दिया। कार्रवाई के दौरान पहले माले की पैराफिट वॉल, स्लैब में छेद कर आधा स्लैब तोड़ा गया। तलमंजिल पर मकान का जर्जर हिस्सा गिराया गया।
Created On :   27 Feb 2020 1:46 PM IST