- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- गैंगस्टर आंबेकर जेल से गिरफ्तार, अब...
गैंगस्टर आंबेकर जेल से गिरफ्तार, अब तक दर्जन भर प्रकरण दर्ज

डिजिटल डेस्क, नागपुर। गैंगस्टर संतोष आंबेकर को प्रोडक्शन वारंट के आधार पर जेल से गिरफ्तार किया गया है। अपराध शाखा पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर रिमांड में लिया। प्रकरण लकड़गंज थाने का है। जिसमें नाबालिग किशोरी का यौन शोषण करने का आरोप है। अब तक संतोष के खिलाफ दर्जन भर अपराधिक मामले दर्ज हुए हैं, इसमें एक सलून संचालक की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जो वर्तमान में जेल में बंद है।
गौरतलब है कि आरोपी गैंगस्टर संतोष आंबेकर कई आपराधिक मामलों में जेल में बंद था। सोमवार को अपराध शाखा के दस्ते ने संबंधित अदालत से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त किया। एक नाबालिग किशोरी ने संतोष और कॉपर नामक सलून के संचालक विवेकसिंह ठाकुर के खिलाफ कुछ माह पहले लकड़गंज थाने में प्रकरण दर्ज कराया था। जिसमें कहा गया है कि, ब्लैकमेल कर विवेकसिंह ठाकुर उसे संतोष आंबेकर के पास ले जाता रहा है। इस दौरान संतोष आंबेकर डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। यह सिलसिला कई महीनों तक चलता रहा है। संतोष का खौफ और बदनामी के चलते किशोरी ने चुप्पी साध रखी थी। संतोष अन्य अापराधिक मामलों में गिरफ्तार होने पर किशोरी ने हिम्मत जुटाकर उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया। युवती को न्याय की उम्मीद है। मामले की जांच पड़ताल के दौरान प्रकरण में विवेकसिंह की भी मुख्य भूमिका के चलते उसे गिरफ्तार किया गया था। वर्तमान में विवेकसिंह जेल में बंद है।
3 जनवरी तक रिमांड
सोमवार को अपराध शाखा पुलिस ने संबंधित अदालत से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त किया और आंबेकर को जेल से गिरफ्तार कर उसे फिर से अदालत में पेश किया। जहां से उसे 3 जनवरी-2020 तक रिमांड में भेज दिया गया है। संतोष के खिलाफ दुष्कर्म का यह दूसरा प्रकरण है। इसके पहले एक युवती ने डरा-धमकाकर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज कराया था। अब तक संतोष के खिलाफ विविध दर्जन भर प्रकरण दर्ज हुए हैं। जांच जारी है।
Created On :   31 Dec 2019 11:56 AM IST