- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- Yavatmal
- /
- भाजपा में शामिल हो सकते हैं पूर्व...
भाजपा में शामिल हो सकते हैं पूर्व विधायक ख्वाजा बेग!, नार्वेकर के बयान के बाद लगाए जा रहे कयास

डिजिटल डेस्क, आर्णी (यवतमाल). महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा है कि राकांपा के पूर्व जिलाध्यक्ष तथा पूर्व विधान परिषद सदस्य ख्वाजा बेग एक बार फिर विधायक बनेंगे। इसी के साथ अब बेग के भविष्य में भाजपा में जाने की चर्चा ने जोर पकड़ लिया है। बता दें कि 2014 में बेग और नार्वेकर दोनों ने विधान परिषद सदस्य के रूप में एक साथ शपथ ली थी। तबसे इन दोनों में परिचय हुआ था। उसके बाद दोनों में गहरी दोस्ती हो गई। उसी दोस्ती की खातिर नार्वेकर शीतसत्र की छुट्टी का मौका देखकर बेग के आर्णी के घर पहुंचे थे। वैसे बेग 1999 में दिग्रस विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में मात्र 126 वोटों से हार गए थे। 2004 में कांग्रेस, राकांपा की युति होने के बावजूद यहां पर दोनों पार्टियों के प्रत्याशी एक दूसरे के खिलाफ मैदान में थे। तब भी बेग हार गए थे। अल्पसंख्यक नेता के रूप में राकांपा के शरद पवार ने उन्हंे विधान परिषद में भेजा था। उसी समय उन्हें राकांपा का जिला अध्यक्ष भी बनाया गया था।
मगर इस दौरान न तो राकांपा जिले में सक्षम हुई और न ही विधान परिषद सदस्य बनाने का पार्टी को कोई लाभ हुआ। इस कारण फिर से उन्हंे राकांपा ने विधायकी नहीं दी। उस समय आरोप लगते रहे कि राकांपा के दूसरे गुट के कारण वे काम नहीं कर पाए। यही कारण था कि गत 2 वर्षों में राकांपा से उन्हंे जो उम्मीद थी वैसा पार्टी में कोई पद नहीं मिला जबकि सरकार उनकी थी। मगर अब बेग के करीबी नार्वेकर के दौरे के बाद यह खुलकर कहा जाने लगा है कि बेग भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इसका कारण भी बताया जा रहा है। राकांपा के ज्येष्ठ नेता छगन भुजबल, धनंजय मुंडे, महिला प्रदेश अध्यक्ष विद्या चव्हाण के दौरे में वे दिखाई नहीं दिए थे। इसके विपरीत केंद्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष होने के बाद हंसराज अहिर बेग के यहां पहुंचे थे। वह बात भी दूर तक गई थी। मगर नार्वेकर के दौरे ने बेग के भाजपा जाने की चर्चा को और बल दे दिया। इस समय विधानसभा अध्यक्ष ने बेग के कार्य आदि की सराहना की। जो कार्यक्रम हुआ उसमें कांतिलाल कोठारी, दिग्रस नप उपाध्यक्ष जावेद पटेल, डा. राम पदमावार, कृउबास सभापति राजेंद्र पाटील आदि उपस्थित थे। संचालन हरीष कुडे ने किया। इस समय अन्य लोग भी उपस्थित थे।
Created On :   28 Dec 2022 7:24 PM IST