- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- अभिनेता साहिल खान के खिलाफ एफआईआर,...
अभिनेता साहिल खान के खिलाफ एफआईआर, पूर्व मिस्टर इंडिया ने लगाए थे आरोप

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पूर्व मिस्टर इंडिया और बॉडी बिल्डर मनोज पाटील को आत्महत्या की कोशिश के लिए उकसाने के आरोप में अभिनेता साहिल खान समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत के आधार पर शुक्रवार को ओशिवारा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। मामले में खान के साथ जुनेद कालिवाला, रूबल दंडकर और राज फौजदार को भी आरोपी बनाया गया है। पाटील ने बुधवार देर रात को नींद की गोलियां खाकर आत्महत्या की कोशिश की थी उन्हें गंभीर हालत में कूपर अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां अब भी उनका इलाज चल रहा है। कुछ दिनों पहले पाटील ने ओशिवारा पुलिस को एक लिखित शिकायत दी थी जिसमें उन्होंने साहिल पर सोशल मीडिया के जरिए बदनाम करने, करियर खत्म करने की साजिश रचने और पत्नी को उनके खिलाफ भड़काने का आरोप लगाते हुए दावा किया था कि इसके चलते वे आत्महत्या के लिए मजबूर हो जाएंगे। हालांकि शिकायत पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो पाटील ने ज्यादा मात्रा में नींद की गोलियां खाकर आत्महत्या की कोशिश की। मामले में साहिल ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि पाटील ने फौजदार को नकली और एक्सपायर्ड स्टेरॉयड बेंची थी। उससे उसे स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या हो गई थी। इसका भंडाफोड़ करने के लिए ही उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए फौजदार के पोस्ट को आगे बढ़ाया था।
Created On :   17 Sept 2021 9:38 PM IST