- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- रीवा
- /
- दीवार गिरने से मलवे में दबा परिवार,...
दीवार गिरने से मलवे में दबा परिवार, मुखिया की मौत

डिजिटल डेस्क, रीवा। पीएम आवास योजना के तहत मिलने वाली राशि से सुंदर घर का सपना संजोये एक परिवार में उस समय मातम छा गया जब दीवार गिरने से मलवे में 6 लोग दब गए। इस हादसे में परिवार के मुखिया की मौत हो गई। सोमवार की सुबह लगभग सात बजे यह हादसा मनगवां थाना की मनिकवार पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत अहिरगांव में हुई। जानकारी के अनुसार मनीष कुशवाहा (32 वर्ष) यहां कच्चे मकान में रहता था। पीएम आवास योजना के तहत राशि के लिए आवेदन किया था। यह राशि जल्द ही उसे मिलने वाली थी। जिसके चलते वह बारिश के पहले अपनी सारी तैयारी कर रहा था। कच्चे घर की दीवार को सुबह परिवार के लोग गिरा रहे थे। लेकिन दीवार इन्हीं लोगों के ऊपर गिर गई जिसमें 6 लोग मलवे में दब गए। इस हादसे में परिवार के मुखिया मनीष की मौत हो गई।
ये हुए घायल
चौकी प्रभारी महेन्द्र बागरी ने बताया कि इस घटना में मनीष कुशवाहा की जहां मौत हो गई वहीं मनीष की पत्नी विमला 30 वर्ष, बेटा संजय 13 वर्ष, भतीजी शुभांजलि 18 वर्ष, भतीजा सुभाष 14 वर्ष सहित साला सोनू कुशवाहा 30 वर्ष निवासी कोरिगवां थाना नईगढ़ी घायल हुए हैं। जिनका उपचार अस्पताल में चल रहा है।
रास्ते में तोड़ा दम
दीवार गिरने से मलवे में दबे सभी 6 लोगों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां से इन सभी को एसजीएमएच भेजा गया। एसजीएमएच पहुंचने से पहले ही मनीष ने दम तोड़ दिया।
राजस्व अमला पहुंचा गांव
अहिरगांव में हुई इस घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व अमला गांव पहुंचा। राजस्व अमले ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है। रायपुर कर्चुलियान के नायब तहसीलदार एसबी सिंह ने यहां का निरीक्षण करने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। पीडि़त परिवार को यथा संभव आर्थिक मदद प्रशासन की ओर से मुहैय्या कराई जा रही है।
Created On :   31 May 2022 6:00 PM IST