- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- कटनी
- /
- मानसून की देरी से बिगड़ा मौसम का...
मानसून की देरी से बिगड़ा मौसम का समीकरण, 20 जून के बाद ही बारिश की संभावना

डिजिटल डेस्क,कटनी। मई के आखिरी सप्ताह में भले ही नौतपा अपना खास असर न दिखाया हो, लेकिन जून में सूर्यदेवता के तीखे तेवर हैरान करने वाला है। चार दिन से जिस तरह से दिन का पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंच रहा है। उससे कूलर और एसी भी गर्मी से राहत नहीं पहुंचा पा रहे हैं। रात में भी गर्म हवा अपना असर दिखा रही है। रात का तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस के आस-पास चल रहा है। इधर मौसम विभाग ने यह संभावना व्यक्त की है कि इस बार 15 जून के बाद ही मानसून एक्टिव होगा। मध्यप्रदेश में मालवा की तरफ जरुर जल्द बारिश होने के आसार हैं, लेकिन जिले में तभी बारिश का दौर शुरु होगा, जब बंगाल की खाड़ी का मानूसन इधर पहुंचेगा।
पांच दिनों का तापमान-
दिनांक अधिकतम न्यूनतम
5 जून 25.3 45.1
6 जून 25.9 44.7
7 जून 28.3 43.7
8 जून 29.1 43.3
9 जून 29.5 45.1
तीन दिन बाद बदलेगा रूप-
तीन दिन बाद मौसम का रुप एकाएक बदलेगा। हालांकि बारिश के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ेगा। समुद्री चक्रवात से तेज आंधी-तूफान का असर 12 और 13 जून को बना रहेगा। इसके बाद मौसम फिर से सामान्य हो जाएगा। कृषि विज्ञान केन्द्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ.संदीप कुमार चंद्रवंशी ने बताया कि तेज आंधी-तूफान से फसलों को किसी तरह से नुकसान होने की आशंका नहीं है। वर्तमान समय में किसान सिर्फ सब्जी ही लगाए हैं। जिससे तेज आंधी-तूफान का असर फसलों में कम होगा। यह बात जरुर है कि आम और अन्य फसलों में इसका विपरीत असर पड़ सकता है।
पिछले वर्ष 9 को आया था मानसून-
पिछले वर्ष 2 जून को सबसे पहले बारिश हुई। इसके बाद 9 जून से प्री-मानूसन एक्टिव हो गया। जून माह में करीब जिले भर में डेढ़ सौ मिलीमीटर बारिश हुई थी। हालांकि इसके बाद जुलाई में कम बारिश हुई। इस तरह से पूरे मानसून सीजन में रुकरुक कर बारिश होती रही। इस लिहाज से मौसम विभाग के जानकारों का कहना है कि इस बार ठीक-ठाक बारिश होने के आसार दिखाई दे रहे हैं। इधर अच्छी बारिश की संभावना को देखते हुए किसान भी खेतों में तैयारी करने में जुट गए हैं।
Created On :   10 Jun 2022 7:49 PM IST