- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- उत्तरी हवाओं का असर, विदर्भ में...
उत्तरी हवाओं का असर, विदर्भ में सबसे ठंडा नागपुर, दिन-रात के तापमान में 23 डिग्री का अंतर हुआ

डिजिटल डेस्क, नागपुर। उत्तरी हवाओं ने शहर के मौसम को एकबार फिर पलट कर रख दिया। उत्तर से आने वाली हवाओं के चलते बुधवार को एकबार फिर शहर के मौसम को ठंडा कर दिया। मौसम लगातार खुलने की वजह से दिन और रात के तापमान में अधिक अंतर देखने को मिल रहा है। विशेष बात यह है कि मंगलवार के बाद बुधवार को भी विदर्भ में नागपुर सबसे ठंडा दर्ज किया गया। हालांकि हवाओं का रुख गुरुवार से बदलने की संभावना जताई जा रही है जिससे न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी होने से रात को होने वाली सर्दी कम होगी और फिर खत्म हो जाएगी।
जानकारी के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी होने के कारण अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की कमी होने से न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.1 डिग्री सेल्सियस कम है। बुधवार को दिन और रात के तामपान में 23.4 डिग्री सेल्सियस का अंतर देखने को मिला है। नागपुर में भले ही तापमान अधिक हो गया हो लेकिन फिलहाल उत्तर का मौसम ठंडा बना हुआ है ऐसे में उत्तरी हवाओं के चलते नागपुर के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार हवाओं का रुख दक्षिण-पश्चिमी होने की संभावना जताई जा रही है जिसकी वजह से न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। वहीं, नमी आने की संभावना है जिससे मध्यप्रदेश में बारिश हो सकती है, विदर्भ में बारिश की संभावना नहीं है।
विदर्भ का मौसम
जिला - अधिकतम - न्यूनतम
नागपुर - 33.5 - 10.1
अकोला - 36.2 - 13.6
अमरावती - 34.4 - 15.2
बुलढाना - 33.2 - 14.6
ब्रह्मपुरी - 36 - 13.1
चंद्रपुर - 34 - 13
गड़चिरोली - 33 - 12.4
गोंदिया - 31.5 - 11.6
वर्धा - 34 - 12.6
वाशिम - 34 - 17
यवतमाल - 34.5 - 14.4
Created On :   20 Feb 2020 12:27 PM IST