दुर्ग : जिला पंचायत परिसर में सज गया है बिहान बाजार स्व सहायता समूह की दीदियों ने बड़ी शिद्दत से तैयार किए हैं उत्पाद

डिजिटल डेस्क, दुर्ग। 5 नवंबर से 8 नवंबर तक दोपहर 12 से 8 बजे खुला रहेगा बिहान बाजार सुंदर पैकेजिंग के साथ गोधन से बने पंचगव्य दीये,पूजन सामग्री और दैनिक उपयोग की चीजें भी मिलेंगी इस बार दीपावली में अपने घर के साथ इनका घर भी करें रोशन नए डिजाइन के साथ उचित कीमत में मिलेंगी गुणवत्तापूर्ण वस्तुएं महिलाओं को प्लेटफार्म देने जिला प्रशासन की पहल बिहान बाजार में सबके लिए मास्क होगा अनिवार्य दुर्ग 04 नवम्बर 2020 जिला पंचायत परिसर में ‘बिहान बाजार‘ सज गया है। जिला प्रशासन द्वारा स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पाद के विक्रय के लिए एक प्लेटफार्म उपलब्ध कराने के लिए यह पहल की गई है। बिहान बाजार में दीपावली त्यौहार से जुड़ी सारी चीजें जैसे गोधन से निर्मित दीया, बाती, धूप, पूजा सामग्री तो उपलब्ध होगी ही। साथ ही सजावटी सामान, पेंटिंग, आभूषण भी उपलब्ध होंगे। महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं ने ये उत्पाद बड़ी शिद्दत से बनाए हैं। जिसमें उनके पारंपरिक हुनर को निखारने के लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रशिक्षण भी दिलवाया गया है। महिलाओं द्वारा अच्छी गुणवत्ता और उचित मूल्य पर विक्रय किया जाएगा। बिहान बाजार में खरीदारी कर आप अपना घर तो सजायेंगे ही बल्कि उन सैकड़ों महिलाओं की मदद भी कर सकेंगे जो दिन रात कड़ी मेहनत कर ये उत्पाद तैयार कर रही हैं। बिहान बाजार दोपहर 12 बजे से 8 बजे तक खुला रहेगा। करीब 40 स्व सहायता समूह का हो चुका है पंजीयन- बिहान बाजार में हिस्सा लेने के लिए करीब 40 महिला स्व सहायता समूहों ने पंजीयन करवाया है। जिला प्रशासन द्वारा यहाँ स्टाल बनाये गए हैं जहाँ ये महिलाएं सामग्री विक्रय करेंगी। गृहलक्ष्मी के श्रृंगार के लिए चूड़ियाँ, झुमके और अन्य आभूषण- त्यौहार यानि सजने संवरने का मौका ,घर-द्वार की सजावट के साथ-साथ दीपावली पर गृह लक्ष्मी के श्रृंगार के लिए सुंदर आभूषण जैसे चूड़ियां, झुमके, हार इत्यादि भी उपलब्ध रहेगा। बिहान की दीदियों ने ये आभूषण बड़े स्नेह से बनाए हैं। मास्क और सेनेटाइजर भी होगा उपलब्ध, वालेंटियर करेंगे सोशल डिस्टेंसिंग की निगरानी-बिहान बाजार में थर्मल चेकिंग के साथ-साथ सेनेटाइजर भी उपलब्ध होगा ताकि आपकी खरीदारी सुरक्षित रहे।इसके अलावा सोशल डिस्टेंसिंग पर निगरानी के लिए वॉलिंटियर्स भी मौजूद रहेंगे। जिला प्रशासन की ओर से विशेष अपील की गई है कि बिहान बाजार में आने के लिए सभी अनिवार्य रूप से मास्क पहनें। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पकवान का उठा सकते हैं आंनद-बिहान बाजार में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पकवानों का आनंद भी उठाया जा सकेगा। फरा, चीला, अनरसा, लड्डू, ठेठरी खुरमी सहित अचार, पापड़ ,बड़ी, मुरकु इत्यादि भी उपलब्ध होगा। दैनिक उपयोग की सामग्री भी मिलेगी- बिहान बाजार में महिलाओं द्वारा घरेलू उपयोग में आने वाले, साबुन ,डिटर्जेंट, डिश वॉशर, फिनायल, टॉयलेट क्लीनर, सेनेटाइजर भी बिहान बाजार में उपलब्ध होगा।
Created On :   5 Nov 2020 3:48 PM IST