- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- कांग्रेस की गाइडलाइन पर जिला...
कांग्रेस की गाइडलाइन पर जिला कमेटियां एक्टिव, नगरसेवक को भी मदद का डोज

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कोरोना को लेकर बचाव उपाययोजनाओं का पालन करते हुए मदद कार्य के लिए राजनीतिक संगठन अलग अलग रणनीति बनाने लगे हैं। भाजपा ने केंद्र सरकार की सहायता घाेषणा पर सोशल मीडिया पर चर्चा के साथ ही आवश्यक सेवा कार्य में मदद की तैयारी की है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा कार्यकर्ता कई सेवा कार्य में शामिल हो रहे हैं। वहीं कांग्रेस ने भी सेवा कार्य के माध्यम से जनता से जुड़े रहने का निर्णय लिया है। प्रदेश कांग्रेस की ओर से सभी जिला कांग्रेस कमेटियों को इस संबंध में गाइडलाइन दी है। पार्टी के सांसद, विधायक,नगरसेवक व सरपंचों को भी गाइडलाइन का पालन करने को कहा गया है। प्रदेश कांग्रेस ने बकायदा दावा भी किया है कि कोरोना के संकट को लेकर उनकी पार्टी जितनी अलर्ट थी उतनी केंद्र में सरकार नहीं रही। राहुल गांधी ने फरवरी में ही इस संकट के बारे में सचेत कर दिया था।
क्या है गाइडलाइन
-अनाज, दवाएं व जीवनावश्यक वस्तुएं नागरिकों तक पहुंचाने में मदद करें।
-संगठन की ओर से गेहूं चावल, दाल,दवाओं का वितरण किया जाए। वितरण के समय सोशल डिस्टेंस बनाए रखें।
-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के छोटे समूह तैयार करके सोशल मीडिया के माध्यम से सहायता कार्य करें। किसी के स्वास्थ्य को खतरा न हो ,यह ध्यान रखें।
-किसानों को खेतों से कृषि उपज निकालने व कृषि उपज की बिक्री के लिए आवश्यक सहायता करें। दूध उत्पादक किसानों की अड़चन दूर करने में सहायक बने।
- निर्माण कार्य मजदूरों को जीवनावश्यक वस्तुओं के अलावा अन्य जरुरी सामग्रियों की सहायता करें।
-मरीजों को सरकारी व निजी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवा सही तरह से मिलने के लिए मदद करें।
- जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से हेल्प लाइन क्रमांक जारी किया जाए।
Created On :   27 March 2020 5:59 PM IST