- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- Yavatmal
- /
- नववर्ष में कपास के दाम 9 हजार के...
नववर्ष में कपास के दाम 9 हजार के पार

डिजिटल डेस्क, यवतमाल। खरीफ मौसम 2021 में प्राकृतिक आपदा के चलते सभी कृषि उपज में कमी आई है। जिसमें कपास भी शामिल है। जिले में उपज कम होना और बाजार में कपास की मांग बढ़ने से शुक्रवार को बाजार बंद होने तक यवतमाल कृषि उपज मंडी समेत अन्य तहसीलों में कपास को अधिकम प्रति क्विंटल 9 हजार रुपए या उससे भी अधिक दाम मिले हैं। पड़ोस के वर्धा जिले में कपास के दाम 9 हजार 500 रुपए पार कर गए हैं। जिसके चलते वर्ष 2022 में कपास के दाम 10 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंचने की उम्मीद किसान लगाए बैठे हंै। उपज कम होने के बाद भी जिले में किसानों ने अपनी आधी फसल अब तक बाजार में लाई है। कुछ बड़े किसानों ने अपना कपास नहीं बेचा है। बड़े हुए दामों का लाभ ऐसे बड़े किसान और व्यापारियों को अधिक होता दिखाई दे रहा है। इसके बावजूद नए वर्ष में कपास के दाम 10 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक मिलने की संभावना ने किसानों को इस वर्ष की सौगात दी है। बीते कुछ वर्षों में कपास की फसल लेना काफी महंगा सौदा साबित हो रहा है। बीज के बड़े हुए दाम, खाद और कीटनाशक की कीमते आसमान छू रही हैं। ऐसे में समर्थन मूल्य के दाम में कपास बेचना किसानों के लिए नुकसानदेह साबित हो रहा है।
Created On :   3 Jan 2022 8:14 PM IST