- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- विश्वविद्यालय में सहायक प्राध्यापक...
विश्वविद्यालय में सहायक प्राध्यापक भर्ती के विरोध में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

डिजिटल डेस्क,शहडोल। पंडित शंभूनाथ शुक्ला विश्वविद्यालय में सहायक प्राध्यापक भर्ती प्रक्रिया के विरोध पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को अंबेडकर चौक पर प्रदर्शन किया। यहां से कलेक्ट्रेट तक पदयात्रा निकाली और राज्यपाल के नाम ज्ञापन देने पहुंचे। गेट में ज्ञापन लेने के लिए जिला प्रशासन की ओर से अधिकारी-कर्मचारी के नहीं आने के बाद कुछ नेता अंदर गए और राज्यपाल के नाम कलेक्ट्रेट के भृत्य को ज्ञापन सौंपा। आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में सहायक प्राध्यापक भर्ती प्रक्रिया के दौरान रोस्टर का पालन नहीं किया गया। आवेदकों की प्रवीण्य सूची अब तक वेबसाइड में जारी नहीं की गई।
भर्ती प्रक्रिया में स्क्रीनिंग प्रक्रिया का पालन नहीं हुआ। ज्ञापन में आरोप लगाया कि सहायक प्राध्यापक भर्ती प्रक्रिया में विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम की पुत्री रजनी गौतम, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव के रिश्तेदार या कहें पांच करीबी डॉ. प्रज्ञा यादव, डॉ. मुनीष नेगी, जितेंद्र सेन व शुभम यादव सहित कुलपति की करीबी राजनीति शास्त्र की प्रोफेसर का चयन गलत तरीके से किया गया।
योग्य उम्मीदवारों को दरकिनार कर इनकी नियुक्ति कर ली गई। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुभाष गुप्ता, नपाध्यक्ष घनश्याम जायसवाल, पूर्व उपाध्यक्ष कुलदीप निगम, प्रभात पांडेय, नीरज द्विवेदी, रामलखन तिवारी, रविंद्र तिवारी, अजय अवस्थी, पीयूष शुक्ला, अनुज मिश्रा, सुमित गुप्ता, प्रमोद जैन पम्मू, आशीष तिवारी, शिव शंकर शुक्ला, शेखर राव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Created On :   10 Dec 2022 4:52 PM IST