कांग्रेस पदाधिकारियों ने लिखा प्रदेश निरीक्षक चेन्निथला को पत्र, नाना को अध्यक्ष पद से हटाने की मांग

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कांग्रेस में प्रदेश स्तर पर मतभेद दूर नहीं हो पा रहा है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले को पद से हटाने की मांग कांग्रेस के ही पदाधिकारियों ने की है। पार्टी के प्रदेश निरीक्षक रमेश चेन्निथला को पत्र लिखा गया है। पटोले की कार्यशैली का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि उनके कारण संगठन को बड़ा नुकसान हो रहा है। पत्र में लिखा गया है कि विदर्भ में अल्पसंख्यक और अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति समाज बड़ी संख्या में कांग्रेस का समर्थक रहा है। यहां 10 लोकसभा व 66 विधानसभा क्षेत्र में ये समाज प्रभाव रखते हैं, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष पटोले इन समाज के महत्व को नजरअंदाज कर रहे हैं। विदर्भ, मराठवाड़ा व पश्चिम महाराष्ट्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के सुझाव लिए बगैर पटोले संगठनात्मक मामले में निर्णय लेते रहते हैं। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस विधायकों ने क्रास मतदान किया। चंद्रकांत हंडोरे पराजित हुए। नागपुर स्थानीय निकाय संस्था के विधान परिषद चुनाव में कांग्रेस के नगरसेवकों ने भाजपा के उम्मीदवार को मतदान किया। इन मामलों पर पटोले ने कोई कार्रवाई नहीं की। जनसमस्याओं को लेकर भाजपा का विरोध करने के बजाय पटोले केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के विरोध में बयान देते रहते हैं। उनकी कार्यशैली कई बार बचकानी लगती है। भंडारा, गोंदिया में भी भाजपा पदाधिकारियों के बीच पटोले को लेकर नाराजगी है। राजस्थान में कांग्रेस के चिंतन शिविर में जो निर्णय लिए गए उन पर अमल नहीं किया जा रहा है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के समय भी पटोले केवल गांधी के करीब दिखते रहे। जमीनी स्तर पर उन्होंने कोई काम नहीं किया। विधान परिषद चुनाव में सत्यजीत तांबे की उम्मीदवारी को लेकर भी पटोले केवल राजनीति करते रहे। उनके कारण कांग्रेस को नुकसान हो रहा है। पत्र लिखने वालों में प्रकाश मुगडिया (कार्यकारी सदस्य, प्रदेश कांग्रेस), आर एम खान नायडू (सचिव, प्रदेश कांग्रेस), सरदार महेंद्र सिंह सलूजा (कार्यकारी सदस्य), पेंताराम तलांडी (पूर्व विधायक, गड़चिरोली), कैलाश राऊत (अध्यक्ष, आदिवासी गोवासी समाज, महाराष्ट्र), बंडू मलेवार (पूर्व अध्यक्ष, जिला परिषद गड़चिरोली), बाबूराव झाडे (पूर्व अध्यक्ष, नागपुर जिला ग्रामीण कांग्रेस), इकराम हुसैन (उपाध्यक्ष, वर्धा जिला) शामिल हैं।
Created On :   24 Feb 2023 5:23 PM IST