- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- शहर सरकार: शहडोल के 238 पार्षद...
शहर सरकार: शहडोल के 238 पार्षद उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला आज

डिजिटल डेस्क,शहडोल। शहर सरकार के लिए मतदाताओं ने किस पर भरोसा जताया है, इसका फैसला आज हो जाएगा। शहडोल नगर पालिका के 39 वार्ड में 238 पार्षद उम्मीवारों के लिए 27 सितंबर को 93 बूथ पर हुए मतदान के बाद 30 सितंबर को पॉलीटेक्निक कॉलेज में मतगणना होगी। इसमें वार्ड क्रमांक 12 गांधी चौक सहित वार्ड 21, 26, 33 व 34 में मतदान के लिए एक ही बूथ होने से यहां के परिणाम सबसे पहले आएंगे। मतगणना शुक्रवार सुबह 9 बजे से प्रारंभ होगी। परिणाम की पहली जानकारी 9.40 बजे से आने लगेगी। सबसे बाद तक 6 बूथों वाली वार्ड 16 पटेल नगर की गिनती चलेगी।
पहचान पत्र लेने कलेक्ट्रेट में लगी उम्मीदवारों की भीड़
मतगणना स्थल तक पहुंचने के लिए उम्मीदवारों को पहचान पत्र अनिवार्य किया गया है। इसके लिए पहचान पत्र बनवाने गुरुवार को बड़ी संख्या में उम्मीदवार कलेक्ट्रेट पहुंचे। भाजपा, कांग्रेस सहित अन्य पार्टियों ने उम्मीदवारों के साथ ही मतगणना एजेंटों की भी तैनाती की है।
भाजपा व कांग्रेस जिलाध्यक्ष, केबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त नेत्री से लेकर विधायक की प्रतिष्ठा दांव पर
इस चुनाव में संगठन से जुड़े कई बड़े पदाधिकारियों की प्रतिष्ठा दांव पर है। इसमें भाजपा जिलाध्यक्ष कमल प्रताप सिंह सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हैं। भाजपा में संगठन में बदलाव की सुगबुगाहट के बीच आज आने वाले परिणाम से आगे की स्थिति स्पष्ट होगी। दूसरी ओर कांग्रेस में चुनाव से कुछ दिन पहले ही जिलाध्यक्ष की कमान सुभाष गुप्ता को सौंपी गई थी। इस चुनाव में टिकट वितरण के बाद से कुछ कार्यकर्ताओं में उपजे असंतोष के बीच आज आने वाले परिणाम पर यहां भी कई बड़े पदाधिकारियों की प्रतिष्ठा दांव पर है। वार्ड 15 में भाजपा उम्मीदवार राकेश सोनी के टिकट को मध्यप्रदेश महिला वित्त एवं विकास निगम अध्यक्ष केबीनेट मंत्री दर्जा प्राप्त अमिता चपरा के प्रयासों से जोडक़र देखा जा रहा है। वहीं वार्ड 14 से भाजपा उम्मीदवार संजीव प्रताप सिंह व वार्ड 24 से प्रवीण शर्मा डोली की टिकट फाइनल करवाने में जयसिंहनगर विधायक जयसिंह मरावी के प्रयासों की चर्चा पूरे चुनाव में रही है।
चर्चित मामले
> भाजपा का एक धड़ा डोली शर्मा की टिकट कटवाने के लिए संगठन से लेकर जनप्रतिनिधियों तक हर स्तर पर प्रयास किया, लेकिन टिकट नहीं कटी।
> कांग्रेस पार्टी ने पांच बार पार्षद रहे कुलदीप निगम की टिकट काट दी। हालांकि इसे उनके चुनाव नहीं लडऩे की इच्छा के बाद लिया गया निर्णय बताया गया।
Created On :   30 Sept 2022 4:01 PM IST