बालक का खून से सना शव मिला, हत्या की आशंका

डिजिटल डेस्क,कटनी। गुरुवार शाम 7 बजे से गायब 9 वर्षीय बालक का शव 20 घंटे बाद शुक्रवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के गाटरघाट में खून से लथ पथ मिला है। प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। बालक के सिर में चोट के निशान बताए गए हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पीएम के बाद मौत के कारणों का खुलासा होगा।
परिजनों ने गुरुवार रात ही बालक रंगनाथनगर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करा दी थी। जानकारी अनुसार, रंगनाथ थाना के होंडा एजेंसी के पीछे कब्रिस्तान मार्ग निवासी फैजान का जावेद खान गुरुवार शाम लगभग 7 बजे से लापता था। खोजबीन के बाद भी जब देर रात तक बालक का पता नहीं चला तब गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे गाटर घाट नदी किनारे बालक की लाश पड़ी होने की जानकारी आई। परिजन व पुलिस पहुंचे, तो बालक की पहचान हुई। अब पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।
शाम को खेल रहा था बालक
परिजनों ने बताया है कि जब बालक गायब हुआ था। उस वक्त वो घर के पास ही खेल रहा था। जब वो शाम को घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। लेकिन, वो नहीं मिला। अब बालक वारदात स्थल तक कैसे पहुंचा, कौन ले गया? ये बड़ा सवाल है। वहीं शिकायत के बाद भी पुलिस सक्रिय नहीं हुई।
Created On :   22 April 2023 4:24 PM IST