- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- बीड
- /
- महाराष्ट्र के इन इलाकों में बर्ड...
महाराष्ट्र के इन इलाकों में बर्ड फ्लू की दहशत, भोपाल और पुणे लैब से रिपोर्ट आई पॉजिटिव

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राज्य में बर्ड फ्लू से 982 मुर्गियों की मौत हो गई है। अब तक महाराष्ट्र के 22 जिलों में पक्षियों की मौत की घटनाएं सामने आई हैं। एक सप्ताह के भीतर राज्य में 5151 पक्षियों की जान गई है। पशु संवर्धन आयुक्तालय से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की रात तक ठाणे में 35, नाशिक में 18, अमरावती में 90, यवतमाल में 205, नागपुर में 45, वर्धा में 109, चंद्रपुर में 4, गोंदिया में 23 व गडचिरोली में 2 मुर्गियों सहित राज्यभर में कुल 982 मुर्गियों की मौत हुई है। मुर्गियों के अलावा बकुला, गौरैया, तोता जैसे 89 पक्षियों की भी जान गई है। मृत पक्षियों के नमूने जांच के लिए भोपाल स्थित राष्ट्रीय पशु रोग संस्थान प्रयोगशाला भेजे गए हैं। बीते 8 जनवरी से अब तक राज्य में 5151 पक्षियों की मौत हो चुकी है। इसके पहले भोपाल भेजे गए नमूनों की रिपोर्ट मिल चुकी है। इस रिपोर्ट के अनुसार परभणी, नांदेड, पुणे, सोलापुर, रायगढ़, सहित सात जिलों से भेजे गए नमूने पॉजिटिव मिले हैं। यानी इन मुर्गियों की मौत बर्ड फ्लू के चलते हुई है जबकि अमरावती व अकोला में मृत मुर्गियों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। रिपोर्ट के मद्देनजर मुरंबा (परभणी) में 3443, केंद्रेवाडी (अहमदनगर) में 11064 व सुरनी-उदगिर (लातूर) में 28 मुर्गियों को नष्ट किया गया है।
यवतमाल में मृत मोर की रिपोर्ट पॉजिटिव
यवतमाल में मृत पाए गए मोर की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस वजह से मुंबई, ठाणे, यवतमाल में सर्वेक्षण कार्य शुरु है। बर्ड फ्लू रोकने के लिए सर्वाधिकार जिलाधिकारियों को सौपे गए हैं। मुर्गियों की मौतों को देखते हुए संबंधित क्षेत्र को संवेदनशील घोषित करने को कहा गया है। राज्य के सभी पोल्ट्री फार्म संचालकों से कहा गया है कि ज्यादा संख्या में मुर्गियों की मौत और उनके इलाके में मोर, तोता, बकुला आदि पंक्षियों के मृत पाए जाने की जानकारी पशु संवर्धन आयुक्तालय के टोल फ्री नंबर 18002330418 पर दें।

आपको बतादें खंडाला गशेत शिवार इलाके में पिछले रविवार दोपहर को 8 मोर मृत पाए गए थे, जिनमें 3 के सैंपल भोपाल प्रयोगशाला भेजे गए थे, जो पॉजिटिव आए हैं। इसके बाद से खंडाला से 10 किलोमीटर तक क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया। पक्षियों की बिक्री पर रोक लगाई गई। बर्ड फ्लू के मद्देनजर एहतियात बरतने के दिशा निर्देश उपविभागीय अधिकारी अनिरुद्ध बक्षी ने जारी किए हैं। जांब निवासी ज्ञानेश्वर इंगोले के खेत में 10 जनवरी को 8 मोर मृत पाए गए थे। किसान ने तुरंत इसकी जानकरी विभाग वनविभाग को दी थी। अधिकारी डॉ पी बी चव्हाण अपने सहयोगियों को साथ मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने पंचनामा कर मोर वन विभाग को सौंपे थे। जिनमें 3 का सैंपल अकोला प्रयोगशाला भेजा गया था। इसके बाद सैंपल मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल भेज दिया गया। जहां से रिपोर्ट आने के बाद हड़कंप मच गया है।
माजलगांव से बर्ड फ्लू से दहशत
उधर माजलगांव तहसील के टालेवाड़ी में सोमवार कौए मृत मिले थे। जिसकी रिपोर्ट शुक्रवार रात पॉजिटिव आई। बीड चिकित्सालय से सैंपल पुणे लैब में भेज दिया गया था। इसके चलते सतर्क रहने के लिए पशु संवर्धन अधिकारी ने निर्देश जारी किया है। बीड जिले में पहले से ही कोरोना का कहर था। जिसे काबू करने में स्वास्थ्य विभाग के पसीने छूट गए थे। वहीं अब बर्ड फ्लू की दहशत से लोग परेशान हैं। पशु संवर्धन अधिकारी डॉ लांडे के मुताबिक जब मृत कौए की रिपोर्ट पाॉजिटिव मिली, तो उपाय योजनाएं जारी कर दी गईं। लोगों से कहा गया कि वे डरें नहीं, सतर्क रहकर मृत पक्षी यां पशुओं की जानकारी प्रशासन को तुरंत दें
Created On :   16 Jan 2021 7:58 PM IST