- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- 22 जिलों के किसानों की मदद के लिए...
22 जिलों के किसानों की मदद के लिए 365 करोड़, नागपुर विभाग के लिए 10 करोड़ 65 लाख रुपए

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश में जुलाई 2021 में हुई अतिवृष्टि से हुए फसलों के नुकसान के लिए 22 जिलों के आपदा प्रभावित किसानों को 365 करोड़ 67 लाख रुपए की आर्थिक मदद मंजूर दी गई है। राज्य सरकार के राजस्व विभाग ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया है। गुरुवार को प्रदेश के आपदा प्रबंधन, मदत व पुनर्वसन मंत्री विजय वडेट्टीवार ने प्रशासन को तत्काल मदद राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि नागपुर विभाग के आपदा प्रभावित तीन जिलों के लिए 10 करोड़ 65 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। इसके जरिए चंद्रपुर को 7 करोड़ 99 लाख, नागपुर को 2 करोड़ 50 लाख और गडचिरोली को 16 लाख स्वीकृत किए गए हैं। अमरावती विभाग के पांच जिलों के लिए 118 करोड़ 41 लाख रुपए की मंजूरी दी गई है। इसके तहत अकोला को 84 करोड़ 26 लाख, अमरावती को 23 करोड़ 96 लाख, वाशिम को 1 करोड़ 53 लाख, यवतमाल को 8 करोड़ 29 लाख और बुलढाणा को 37 लाख उपलब्ध कराए जाएंगे। औरंगाबाद विभाग के चार जिलों के लिए 77 करोड़ 97 लाख रुपए मंजूर हुए हैं। इसके के तहत नांदेड़ को 30 करोड़ 36 लाख, परभणी को 45 करोड़ 42 लाख, जालना को 2 करोड़ और उस्मानाबाद को 19 लाख रुपए उपलब्ध कराए जाएंगे। वडेट्टीवार ने बताया कि नाशिक विभाग के एक जिले नाशिक के लिए 1 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। पुणे विभाग के चार जिलों के लिए 150 करोड़ 12 लाख रुपए और कोंकण विभाग के पांच जिलों के लिए 8 करोड़ 51 लाख रुपए स्वीकृत हुए हैं।
Created On :   7 Oct 2021 7:36 PM IST