दिन के ठंड में टूटा 30 साल का रिकार्ड, पारा सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे

डिजिटल डेस्क,कटनी। उत्तरी भारत की सर्दीली हवा से दिन के ठंड का रिकार्ड 30 वर्ष बाद टूट गया। अधिकतम पार की चाल सामान्य से 3 डिग्री नीचे है। शीत लहर की चपेट में पूरा जिला है। आगामी समय में और कड़ाके की ठंड पड़ेगी। सोमवार को हवा में 70 प्रतिशत तक नमीं रही। जिसके चलते धूप में ही सर्द हवाओं के झोंके से लोक कंपकंपाते हुए नजर आए। शहर के साथ ग्रामीण अंचलों में दोपहर में भी लोग अलाव जलाकर ठंड को दूर करते हुए दिखाई दिए।
कृषि विज्ञान केन्द्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ. संदीप कुमार चंद्रवंशी ने बताया कि 30 वर्ष में जनवरी के प्रथम सप्ताह में दिन के तापमान की बात करें तो सामान्य तापमान 23.3 रहता आया है। इस बार दो दिनों के अंतराल में ही यह 23 से सीधे 20 पर जा पहुंचा। आगामी समय में भी दिन का पारा नीचे की ओर गिरेगा। एक तरफ दिन के पारे में गिरावट दर्ज की गई तो दूसरी तरफ रात के पारे में दस डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ। कोहरे के कारण ट्रेनें भी निर्धारित समय से 4 से 5 घंटें देरी से पहुंची।
लोकल क्लाउड से रात के तापमान में वृद्धि
कोहरे के कारण लोकल क्लाउड सिस्टम विकसित हो गया है। जिसके चलते रात के तापमान में एकाएक 2 डिग्री सेल्सिय की बढ़ोत्तरी कृषि विज्ञान केन्द्र के ऑटामैटिक वेदर मशीन में दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक बताते हैं कि जब तक उत्तरी-पश्चिमी हवा चलेगी। जिले का तापमान इसी तरह से रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के चलने से दिन का पारा जहां ऊपर की ओर खिसकेगा, वहीं रात का पारा गोता लगाएगा।
ट्रेनों की रफ्तार पर असर
उत्तर भारत रूट सहित पमरे के सेक्शनों में छाए रहने वाले घने कोहरे के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ है। दोनों दिशाओं की कई ट्रेनें तय समय से काफी देरी से चल रही हैं। विजिबिलिटी में आई कमी के कारण रविवार रात से सोमवार को दिल्ली, प्रयागराज और छग रूट से आने वाली लंबी दूरी की ट्रेनें अधिक प्रभावित हुईं। कई घंटे की देरी से चलने वाली ट्रेनों की वजह से यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा है। कोहरे की वजह से रविवार रात काशी एक्सप्रेस 3 घंटे, ताप्ती गंगा 2 घंटे, पवन व संघमित्रा 3 घंटे, महाकौशल एक्सप्रेस 2 घंटे सहित मुड़वारा स्टेशन में गोंडवाना एक्सप्रेस 3 घंटे, कामायनी 2 घंटे व छग रूट की गोंदिया –बरौनी एक्सप्रेस 4 घंटे सहित अन्य ट्रेनें घंटों देरी आई। देर शाम तक कोहरा बढऩे के बाद देरी से चलने वाली ट्रेनों की संख्या बढऩे के आसार बताए गए हैं।
दोपहर 12 बजे के बाद दिखी रौनक
सोमवार होने के बाद भी दोपहर 12 बजे तक बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। 10 बजे के बाद जैसे-जैसे कोहरा कम हुआ, लोग दिनचर्या के लिए घरों से बाहर निकले। इसके बावजूद बाजार में सामान्य दिनों की अपेक्षा कम भीड़ ही नजर आई। शाम पांच बजे के बाद तो लोग घरों की ओर लौट गए। 7 बजे के बाद तो गिने-चुने लोग ही दिखाई दिए। सडक़ किनारे लगने वाले ठेले शाम छह बजे के बाद नजर नहीं आए।
सुबह 9 बजे से संचालित होंगे स्कूल
पारा के गिरने और ठंड बढऩे के कारण कलेक्टर ने स्कूलों का समय बदल दिया है। अब कक्षा पहली से लेकर आठवीं तक कक्षाओं का संचालन प्रात: 9 बजे से किया गया है। कक्षा 9 से 12 तक के विद्यालयों में जहां अर्धवार्षिक परीक्षा संचालित है, उनके लिए यह आदेश 12 जनवरी से लागू होगा। शासकीय, निजी, केन्द्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय में यह आदेश लागू है।
Created On :   3 Jan 2023 2:51 PM IST