- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- 2022 में 28 हजार वाहन चालकों ने...
2022 में 28 हजार वाहन चालकों ने तोड़े ट्रैफिक रूल

डिजिटल डेस्क,सतना। कानून व्यवस्था के साथ जिले में यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए पुलिस के द्वारा समझाइश और जागरूकता अभियान के साथ जुर्माने की कार्रवाई भी की जाती है। समय-समय पर न्यायालय, सरकार एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर विशेष अभियान चलाए जाते हैं। इस सख्ती का असर पूरी तरह तो नहीं, मगर कुछ हद तक जरूर दिखने लगा है। शहरी क्षेत्र में दो पहिया वाहन चालक हेलमेट लगाने के साथ दो सवारियों के नियमों का पालन करने लगे हैं, तो चार पहिया गाडिय़ों में लोग सीट बेल्ट का इस्तेमाल कर रहे हैं। हालांकि शत-प्रतिशत लोगों को जागरूक करने के लिए अभी और प्रयासों की जरूरत है। बीते एक साल में अलग-अलग ट्रैफिक नियम तोडऩे पर 28 हजार वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई कर 1 करोड़ रुपए का समन शुल्क वसूल किया। यह राशि बीते 2 वर्षो की तुलना में सर्वाधिक है।
वर्ष 2020 की तुलना में इस साल तीन गुना लोगों ने तोड़े नियम
कोविड से प्रभावित वर्ष 2020 में कुल 9 हजार 326 चालान बनाकर 33 लाख 29 हजार 350 रुपए का राजस्व अर्जित किया गया। वहीं वर्ष 2021 में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों की संख्या बढ़कर 20 हजार 231 तक पहुंच गई, जिनसे 77 लाख 65 हजार 258 रुपए का अर्थदंड भरवाया गया। वर्ष 2022 में 28 हजार वाहन चालक नियम तोड़ते पकड़े गए। इसकी सबसे बड़ी वजह यह रही कि वर्ष 2020 का अधिकांश समय लॉकडाउन और कड़े कोविड प्रतिबंधों के साथ गुजर गया, जिसमें बहुत कम लोग वाहन लेकर सड़क पर निकल रहे थे।
वाहन चालक समझें अपनी जिम्मेदारी
रिजर्व इंस्पेक्टर सत्यप्रकाश मिश्रा ने बताया कि न्यायालय में पेश किए गए प्रकरणों के निराकरण के बाद वर्ष 2022 में वसूल किए गए जुर्माने की राशि और बढ़ जाएगी। ट्रैफिक पुलिस सीमित संसाधनों के साथ शहरी क्षेत्र में सुगम यातायात के लिए सभी प्रयास कर रही है, तो कस्बों और देहात में थानों का अमला यह जिम्मेदारी संभाल रहा है। पुलिस का मकसद कानून का डर दिखाकर नियमों का पालन कराना नहीं है, बल्कि आमजन जागरूक होकर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए ट्रैफिक नियमों को निभाएं।
Created On :   29 Dec 2022 1:44 PM IST