चार दिन में 1 हजार 421 लोगों ने लगवाया बूस्टर डोज, 7 लाख से ज्यादा का नहीं हुआ टीकाकरण

डिजिटल डेस्क, वर्धा, नरेशकुमार मानेश्वर| कोरोना अभी पूरी तरह से गया नहीं है। अब भी जांच करने पर रोजाना कम से कम पांच दस मरीज मिल रहे हैं। इस कारण स्वास्थ्य विभाग सज्ज हो गया है। प्रशासन द्वारा वैक्सीन अमृत महोत्सव अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत वर्धा जिले के स्वास्थ्य विभाग द्वारा 4 दिन में 18 से 59 आयु के 1 हजार 421 लोगों को मुफ्त प्रिकॉशन(बूस्टर) डोज लगाया है। जबकि 7 लाख 79 हजार 238 लोगों का टीकाकरण अभी भी बाकी है। बता दंे कि, जिले में प्रिकॉशन टीकाकरण की शुरुआत शुक्रवार 15 जुलाई से की गई है। इस कारण 18 से 59 आयु के लोगों को मुफ्त में प्रिकॉशन डोज लगाया जा रहा है। केंद्र सरकार की ओर से इससे पूर्व प्रिकॉशन डोज सिर्फ हेल्थ केयर वर्कर, फ्रंट लाइन वर्कर और 60 प्लस के लोगों को लगाया जा रहा था। किंतु अब 18 से 59 आयुवर्ग के नागरिकों को भी प्रिकॉशन का टीका लगाया जा रहा है। दोनों डोज पूरे होने के बाद पहले 9 महीने बाद प्रिकॉशन डोज लगाया जाता था लेकिन अब इसे बंद कर इसकी अवधि सिर्फ 6 महीने कर दी गई है। अब दोनों डोज पूरे होने के 6 महीने बाद प्रिकोशन का डोज लिया जा सकता है। वर्धा जिले में 15 जुलाई से शुरू हुए इस अभियान में पहले दिन 18 से 59 आयुवर्ग के कुल 439 लोगों ने प्रिकोशन का डोज लिया था। इसी के चलते 15 जुलाई से शुरू हुए इस अभियान में अब तक कुल 1 हजार 421 लोगों ने प्रिकोशन डोज लगवाया है।
75 दिन तक चलेगा अभियान
प्रभाकर नाईक, डीआरसीएचओ, जिला परिषद के मुताबिक जिले में 15 जुलाई से 18 से 59 आयुवर्ग के लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है। जिसके चलते यह अभियान 15 जुलाई से लेकर 75 दिन तक चलेगा। इसमें 7 लाख 79 हजार लोगों का टीकाकरण होना बाकी है। नागरिकों को टीकाकरण केंद्र पर जाकर जल्द से जल्द टीका लगवाना चाहिए।
कोरोना महामारी के दौरान कोरोना की वैक्सीन आने से जिले समेत शहर में कई जगहों पर टीकाकरण केंद्र बनाए गए थे। लेकिन नागरिकों के प्रतिसाद को देखते हुए टीकाकरण के केंद्र कम हो गए हैं। शहर में तीन जगह पर टीकाकरण केंद्र उपलब्ध हैं। इनमें पुलफैल, पुलिस हॉस्पिटल और शासकीय अस्पताल में टीकाकरण किया जा रहा है। जिले में टीकाकरण का लक्ष्य 10 लाख 70 हजार 352 है। जिसमें से प्रथम डोज लेनेवाले की संख्या 10 लाख 26 हजार 361 कुल 95.89 प्रतिशत, दूसरा डोज 8 लाख 2 हजार 237 कुल 74.95 प्रतिशत व प्रिकॉशन डोज 29 हजार 412 कुल 3.05 प्रतिशत है।
Created On :   21 July 2022 7:21 PM IST