News Delhi News: इंदौर जिले को जल संचयन और जल संरक्षण का राष्ट्रीय जल पुरस्कार

इंदौर जिले को जल संचयन और जल संरक्षण का राष्ट्रीय जल पुरस्कार

    News Delhi News राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 5वें राष्ट्रीय जल पुरस्कार-2023 समारोह में इंदौर जिले को जल संचयन और जल संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान के लिए पश्चिम क्षेत्र के सर्वश्रेष्ठ जिले का राष्ट्रीय जल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

    विज्ञान भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में इंदौर के कलेक्टर आशीष सिंह, नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा तथा जिला पंचायत सीईओ सिद्धार्थ जैन ने पुरस्कार ग्रहण किया। कार्यक्रम में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटील और राज्यमंत्री वी सोमन्ना भी उपस्थित थे।

    इंदौर जिले नेजल संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की गई हैं। जिले में अजनार, बालम, चोरल, कराम, मोरल और पातालपानी नदियों के जलग्रह-क्षेत्रों में विभिन्न कार्य किए गए हैं, जिनमें 366 वृक्षारोपण कार्य, 216 जल संचयन कार्य, 60 रिचार्ज संरचनाएं, 90 वाटरशेड उपचार कार्य और 814 जल और मिट्टी संरक्षण कार्य शामिल हैं। इसके अलावा बालम नदी के जलग्रह-क्षेत्र में 5 अमृत सरोवर, 4 फार्म पॉन्ड, 5 चेक डैम और 30 गेबियन जाल संरचनाएं बनाई गई हैं।

    जल संचयन के प्रयासों के अंतर्गत नाला ट्रेंचिंग (गहरीकरण) के लगभग 420 कार्य किए गए हैं, जिससे जल स्तर में वृद्धि हुई है। पुष्कर धरोहर समृद्धि अभियान के तहत 462 पुरानी संरचनाएं जैसे- तालाब, चेक डैम और स्टॉप डैम का जीर्णोद्धार किया गया है, जिससे जल भंडारण क्षमता में 16 लाख घन मीटर की वृद्धि हुई है और 1500 हेक्टेयर कृषि भूमि के लिए अतिरिक्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध हुई है।

    जिले में वृहद स्तर पर जल संचयन संरचनाएं भी निर्मित की गयी हैं जिसमे 420 फार्म पॉन्ड, 180 पेरकोलेशन टैंक, 100 निस्तारी टैंक और 190 चेक डैम शामिल हैं। इससे जिले में जल भंडारण क्षमता में 30 लाख घन मीटर की वृद्धि हुई है। लगभग 25,500 हेक्टेयर क्षेत्र को ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणालियों के तहत लाया गया हैए जिससे जिले के लगभग 16,000 किसान लाभान्वित हुए हैं। जिले में एक लाख घरों की छतों पर नागरिकों द्वारा अपने खर्च पर ही वर्षा जल संचयन प्रणाली स्थापित की गई हैं और 10 स्थानों पर पीज़ोमीटर लगाए गए हैं जिनसे जल स्तर का मूल्यांकन किया जा सके। हरियाली महोत्सव के दौरान 20 लाख पौधे लगाए गए हैं और इंदौर शहरी क्षेत्र में कुल 2.55 लाख पौधे लगाए गए हैं।

    Created On :   22 Oct 2024 1:26 PM GMT

    Tags

    और पढ़ेंकम पढ़ें
    Next Story