मौसम: आग उगल रहा सूरज, पारा 45 पार , ब्रह्मपुरी के बाद विदर्भ में नागपुर सबसे हॉट

आग उगल रहा सूरज, पारा 45 पार , ब्रह्मपुरी के बाद विदर्भ में नागपुर सबसे हॉट
  • गर्म हवा के थपेड़ों ने किया हलाकान
  • दोपहर बाद सड़कें वीरान
  • दो दिन बाद मिलेगी कुछ राहत

डिजिटल डेस्क, नागपुर। गर्म हवा के थपेड़ों ने नागपुर सहित संपूर्ण विदर्भ को हलाकान किया है। बुधवार को विदर्भ में ब्रह्मपुरी सबसे गर्म शहरों में दर्ज हुआ है। ब्रह्मपुरी में अधिकतम तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जिसके बाद नागपुर शहर सबसे गर्म रहा। नागपुर में तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस रहा। गर्मी का सितम गुरुवार को भी जारी रहेगा। शुक्रवार से कुछ राहत मिलने की संभावना है। शुक्रवार को केरल में मानसून के दस्तक देने का अनुमान है। इस दौरान नागपुर सहित विदर्भ के अनेक हिस्सों में बादल छाए रहने की संभावना है, जिसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है। 1 जून को नागपुर सहित विदर्भ के कुछ जिलों में गरज, चमक, तेज हवा की संभावना है।

दोपहर में सड़कें वीरान

फिलहाल गर्म हवाओं ने लोगों की दिनचर्या को बड़े पैमाने पर प्रभावित किया है। दोपहर 12 बजे के बाद शहर की सड़कें सुनसान होने लगी हैं। दोपहर 4 बजे तक शहर में वीरानी छाई रहती है। इस दौरान शहर में अनेक जगह लोगों को बेहोशी की हालत में सड़कों पर पाया गया है।

24 घंटे में फुटपाथ पर आधा दर्जन शव मिले : तेज धूप के कारण मौत की आशंका : शहर में 24 घंटे के भीतर आधा दर्जन लोगों के शव पाए गए हैं। शवों की पहचान होना बाकी है। कड़ी धूप से मौत होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। नंदनवन, धंतोली, सदर, पांचपावली, कलमना ओर अजनी थाने में आकस्मिक मृत्यु के प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

पहचान बाकी : उपरोक्त सभी शवोें की पहचान बाकी है। विविध स्थानों पर मिले शवों से अभी तक उनकी मृत्यु के कारणों का पता नहीं चला है, धूप से उनकी मौत होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।

इन स्थानों पर मिले शव

मंगलवार को दोपहर 12 बजे... कलमना मार्केट में रेस्टोरेंट के सामने 50 वर्षीय व्यक्ति मृत मिला।

मंगलवार की रात 9 बजे... सदर में मेश्राम पुतले के पास 60 वर्षीय व्यक्ति का शव पाया गया।

मंगलवार की रात 10:30 बजे... पांचपावली क्षेत्र के जयभीम चौक में एक 50 से 55 वर्षीय व्यक्ति मृत मिला।

बुधवार की सुबह 6.30 बजे... नंदनवन क्षेत्र के दिघोरी उड़ानपुल के नीचे डिवाइडर के पास 30-35 वर्षीय व्यक्ति मृत अवस्था में मिला।

बुधवार की सुबह 8.30 बजे... अजनी क्षेत्र के शताब्दी चौक में दमकल विभाग के कार्यालय के पास 45 वर्षीय व्यक्ति मृत िमला।

बुधवार सुबह 10 बजे... धंतोली क्षेत्र के मेहाड़िया भवन के पास 50 वर्षीय व्यक्ति का शव पाया गया।

Created On :   30 May 2024 6:50 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story