विधानसभा चुनाव: उमरेड -चंद्रपुर विधानसभा सीट पर शिवसेना शिंदे का दावा, कृपाल तुमाने को जिम्मेदारी

उमरेड -चंद्रपुर विधानसभा सीट पर शिवसेना शिंदे का दावा, कृपाल तुमाने को जिम्मेदारी
  • नागपुर शहर में एक भी सीट पर दावा नहीं
  • उमरेड पर विशेष जोर
  • विप सदस्य कृपाल तुमाने को दी संगठनात्मक जिम्मेदारी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रही मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व की शिवसेना उमरेड व चंद्रपुर सीट पर प्रमुखता से दावा करेगी। महायुति गठबंधन के तहत इन सीटों से शिवसेना शिंदे अपना उम्मीदवार उतारने का प्रयास करेगी। इन सीटों पर संगठन व चुनाव कार्य की जिम्मेदारी विधानपरिषद सदस्य कृपाल तुमाने काे दी गई है। उल्लेखनीय है कि शिवसेना शिंदे ने राज्य में कम से कम 113 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। इसके लिए विधानसभा क्षेत्र स्तर पर 46 प्रभारी व 93 विधानसभा क्षेत्र निरीक्षक नियुक्त किए गए हैं। पार्टी की ओर से दावा किया गया था कि विदर्भ में भी 20 से अधिक सीटों पर उनका उम्मीदवार रहेगा। लेकिन अभी जो तैयारी की जा रही है उसमें सीमित सीट ही शामिल है। पूर्व विदर्भ से रामटेक, भंडारा, उमरेड, चंद्रपुर शामिल है। पश्चिम विदर्भ में रिसोड व देवली को चुनाव के लिए चुना गया है। इन दोनों सीटों की जिम्मेदारी विधानपरिषद सदस्य भावना गवली को दी गई है।

नागपुर शहर में तैयारी नहीं

जिस तरह से चुनाव कार्य नियोजन किया जा रहा है उससे लग रहा है कि शिवसेना शिंदे नागपुर शहर में किसी भी विधानसभा सीट के लिए दावा नहीं करेगी। इससे पहले अविभाजित शिवसेना शहर में कम से कम एक सीट पर चुनाव लड़ती रही है। पूर्व नागपुर व दक्षिण नागपुर विधानसभा क्षेत्र में उसने चुनाव लड़ा है। लेकिन इस बार पार्टी में इन सीटों के लिए इच्छुक दावेदार भी सामने नहीं आ रहे हैं। रामटेक में शिवसेना की टिकट पर चुनाव जीतते रहे आशीष जैस्वाल ने 2019 में निर्दलीय चुनाव जीता था। वे शिवसेना शिंदे के साथ है लेकिन पार्टी में शामिल नहीं हुए है। भंडारा से निर्दलीय जीते नरेंद्र भोंडेकर ने शिवसेना शिंदे में प्रवेश ले लिया है। चंद्रपुर में निर्दलीय किशोर जोरगेवार विधायक हैं। उस क्षेत्र में महायुति के तहत भाजपा उम्मीदवार चुनाव लड़ता रहा है।

उमरेड पर जोर

उमरेड विधानसभा क्षेत्र से भी महायुति के तहत भाजपा उम्मीदवार चुनाव लड़ते रहा है। लेकिन इस बार शिवसेना शिंदे ने दावा किया है। 2019 में कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़कर राजू पारवे ने भाजपा के सुधीर पारवे को पराजित किया था। दो बार विधायक रहे सुधीर पारवे ने भाजपा की टिकट का दावा कायम रखा है। राजू पारवे ने शिवसेना शिंदे में शामिल होकर रामटेक क्षेत्र से लोकसभा चुनाव लड़ा था। राजू पारवे के समर्थन में मुख्यमंत्री शिंदे ने उमरेड क्षेत्र में जमकर प्रचार किया था।

Created On :   28 July 2024 2:19 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story