विकास: लेंडी तालाब के विकास के लिए 14.13 करोड़ रुपए की योजना

लेंडी तालाब के विकास के लिए 14.13 करोड़ रुपए की योजना
निगरानी करने की जिम्मेदारी मनपा की

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मध्य नागपुर के लेंडी तालाब के विकास के लिए केंद्र सरकार की अमृत योजना अंतर्गत 14.13 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। 9 महीने इसका काम शुरू हुआ था। स्थानीय विरोध के कारण इसमें दिक्कतें आ रही थीं। बारिश की वजह से भी काम रोकना पड़ा, लेकिन अब काम शुरू है। वहां कितना काम हुआ है, इसकी निगरानी करने की जिम्मेदारी नागपुर महानगरपालिका की है। यह जानकारी मंत्री उदय सामंत ने दी।

बिना खर्च किए अगला बिल नहीं दे सकते हैं : मुख्यमंत्री ने मनपा से वहां के लोगों का संभ्रम दूर करने को कहा है। जो पैसा दिया है, वह खर्च हुए बिना अगला बिल नहीं दे सकते हैं। प्रवीण दटके ने पूछा कि क्या वहां का अतिक्रमण निकालने की कोई अलग से योजना है। इस पर उदय सामंत ने कहा कि सूचनाओं का पालन करने के आदेश मनपा को दिए जाएंगे।

विरोध के कारण परेशानियां : विधान परिषद में कांग्रेस सदस्य अभिजीत वंजारी ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत लेंडी तालाब के विकास का मुद्दा उपस्थित किया था। उन्होंने कहा कि लेंडी तालाब के विकास के लिए केंद्र पुरस्कृत योजना से राशि मंजूर हुई है। निविदा प्रक्रिया भी हुई है, लेकिन 9 महीने में तालाब की दुर्दशा हुई है। कौन से काम हुए हैं, इसका खुलासा किया जाए। मलबा निकालने का काम शुरू किया, लेकिन वह अधूरा है। बारिश को काफी दिन हो गए, फिर भी काम बंद है। क्या इस काम के लिए समय सीमा तय की जाएगी। मंत्री उदय सामंत ने बताया कि केंद्र ने 14.13 करोड़ की योजना मंजूर की है। इसमें 25 प्रतिशत केंद्र, 25 प्रतिशत राज्य और 50 प्रतिशत मनपा का हिस्सा है। इसमें सुरक्षा दीवार, मलबा निकालना आदि काम करने हैं, किन्तु वहां स्थानीय विरोध के कारण कुछ दिक्कतें आ रही हैं। बारिश के कारण भी काम रूका था। 15 दिन पहले काम शुरू किया गया है।

Created On :   14 Dec 2023 7:48 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story