Nagpur News: पिकनिक मनाने भागेमाहेरी तालाब में गए दो युवक डूबे, एक का शव बरामद

पिकनिक मनाने भागेमाहेरी तालाब में गए दो युवक डूबे, एक का शव बरामद
  • मित्रों का समूह रविवार को पारशिवनी तहसील के भागेमाहेरी पहुंचा
  • पिकनिक मनाने गए दो युवक डूबे

Nagpur News : कुछ मित्रों का समूह रविवार को पारशिवनी तहसील के भागेमाहेरी पहुंचा था, जहां पाटबंधारे विभाग के तालाब में दो युवक डूब गए। इनमें से एक का शव बरामद कर लिया गया। वहीं दूसरे की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार, रोहित हीरालाल पाल (37) मानेवाड़ा चौक, नागपुर, मूलत: छिंदवाड़ा (मध्य प्रदेश), मनोज मोतीराम गायकवाड़ (40) मानेवाड़ा, नागपुर संदीप विश्वनाथ आहेर (37) अजनी कॉलोनी, अभिषेक अशोक यादव (40) झिंगाबाई टाकली, नागपुर, विकास रमेश रॉय (26) रेलवे कॉलोनी, अजनी, नागपुर, शिवकुमार गुल्लू संमुद्रे (55) अजनी, नागपुर, निकेश गजानन टेम्भुर्णे (34) पुलगांव, वर्धा तथा इंदर महेश प्रसाद यादव (42) अजनी, नागपुर निवासी सभी रेलवे में कार्यरत हैं। रविवार को छुट्टी होने से सभी पिकनिक मनाने के लिए भागेमाहेरी पहुंचे। कुछ देर मौज-मस्ती के बाद सभी भागेमाहेरी में पाटबंधारे विभाग के तालाब के समीप पहुंचे। वहां रोहित पाल और मनोज गायकवाड़ नहाने उतरे। हालांकि दोनों को तैरना नहीं आता था। तालाब की गहराई का अंदाजा नहीं होने से वे डूबने लगे। दोस्तों ने बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन विफल रहे। घटना की सूचना पारशिवनी पुलिस को दी गई।

दोबारा सर्च अभियान : थानेदार राजेश कुमार थोरात के मार्गदर्शन में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। इससे पहले स्थानीय लोगों की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया। शाम करीब 6 बजे के दौरान राेहित पाल का शव बाहर निकाला गया। पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए पारशिवनी ग्रामीण अस्पताल भेजा गया। वहीं मनोज गायकवाड़ का कुछ पता नहीं चल पाया। अंधेरा होने से तलाशी अभियान रोक दिया गया। सोमवार को दोबारा सर्च होगा।

Created On :   3 March 2025 7:27 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story