17वीं लोकसभा: मतदान में बढ़ रही महिला मतदाताओं की भागीदारी, पुरूषों से आगे थी आधी आबादी

मतदान में बढ़ रही महिला मतदाताओं की भागीदारी, पुरूषों से आगे थी आधी आबादी
  • 2014 चुनाव तक मतदान करने में पीछे थी महिलाएं
  • तीसरी लोकसभा से 17वीं लोकसभा तक लिंगानुपात वोट प्रतिशत
  • 1962 में महिलाओं का वोट प्रतिशत था 46.63

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली, अजीत कुमार। चूल्हा, चौका तक सीमित रहने वाली महिलाएं अब देश की राजनीति में भी अपनी भागीदारी लगातार बढ़ा रही हैं। मसला चाहे चुनाव लड़ने का हो या फिर मतदान करने का, आधी आबादी हर क्षेत्र में अपने कदम तेजी से आगे बढ़ा रही है। आजादी के बाद से 2014 तक हुए लोकसभा चुनावों में तो महिलाएं मतदान करने में पुरूषों से पीछे रहीं, लेकिन 2019 के आम चुनाव में महिलाओं ने पुरूषों को पीछे छोड़ दिया। चुनाव आयोग को उम्मीद है कि 2024 के सात चरणों में हो रहे चुनाव में भी महिलाएं इसी उत्साह के साथ वोट करने के लिए घर से बाहर निकलेंगी।


2014 चुनाव तक मतदान करने में पीछे थी महिलाएं

2019 लोकसभा चुनाव में 67.18 प्रतिशत महिलाओं ने वोट दिए थे, जो पुरूषों द्वारा डाले गए वोट से 0.17 प्रतिशत ज्यादा है। इस चुनाव में 67.01 प्रतिशत पुरूषों ने वोट डाले थे। आजादी के बाद यह पहला अवसर था, जब मतदान करने के लिए पुरूषों से ज्यादा महिलाएं घर से बाहर निकलीं। 1962 में हुए तीसरी लोकसभा के चुनाव में सिर्फ 46.63 प्रतिशत महिलाओं ने ही मतदान किया था, जबकि उस चुनाव में पुरूषों का मतदान प्रतिशत 63.31 रहा था। इसके बाद महिलाओं का धीरे-धीरे मतदान के लिए घर से निकलने का सिलसिला तेज हुआ और 2019 लोकसभा चुनाव में वह पुरूषों से आगे निकल गईं।

1962 में महिलाओं का वोट प्रतिशत था 46.63

चुनाव आयोग में संयुक्त निदेशक अनुज चांडक कहते हैं कि पहले दो लोकसभा चुनावों में पुरूष और महिला मतदाताओं का अलग-अलग आंकड़ा नहीं रखा गया था। लेकिन 1962 में हुए तीसरे लोकसभा चुनाव से लिंग के आधार पर मतदाताओं का आंकड़ा रखना शुरू हुआ। आंकड़े बताते हैं कि 1962 से लेकर 2014 लोकसभा चुनावों तक वोट डालने में पुरूषों से महिलाएं पीछे रहीं। चुनाव के आंकड़े बताते हैं कि 1967 के आम चुनाव में 66.73 प्रतिशत पुरूष और 55.48 महिलाओं ने वोट डाले थे। इसी प्रकार नौवीं लोकसभा में 66.13 प्रतिशत पुरूषों और 57.32 प्रतिशत महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।


तीसरी लोकसभा से 17वीं लोकसभा तक लिंगानुपात वोट प्रतिशत

आम चुनाव पुरूष महिलाएं (प्रतिशत में)

तीसरी लोकसभा (1962) – 63.31 - 46.63

चौथी लोकसभा (1967) - 66.73 - 55.48

5वीं लोकसभा (1971) - 60.09 - 49.11

छठी लोकसभा (1977) - 65.63 - 54.91

7वीं लोकसभा (1980) - 62.16 - 51.22

8वीं लोकसभा (1984) - 61.21 - 58.62

9वीं लोकसभा (1989) - 66.13 - 57.32

10वीं लोकसभा (1991) - 61.58 – 51.35

11वीं लोकसभा (1996) - 62.06 - 53.41

12वीं लोकसभा (1998) - 65.72 - 57.88

13वीं लोकसभा (1999) - 63.97 - 55.64

14वीं लोकसभा (2004) – 61.66 - 53.30

15वीं लोकसभा (2009) - 60.24 - 55.82

16वीं लोकसभा (2014) - 67.09 - 65.32

17वीं लोकसभा (2019) – 67.01 - 67.18

Created On :   30 April 2024 1:55 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story