- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- आधार में सुधार के लिए लग रही लंबी...
परेशानी: आधार में सुधार के लिए लग रही लंबी कतार , सुबह 6 बजे डाकघर पहुंच रहे लोग

- आधार कार्ड में सामने आ रही कई तरह की त्रुटियां
- सुधार करने सुबह से पहुंच रही महिलाएं
- तकनीरी खामियों के चलते हर रोज 120 लोग लौट रहे
डिजिटल डेस्क, नागपुर। लाडली बहन योजना के लिए जरूरी दस्तावेजों में एक आधार कार्ड है। आधार कार्ड के बिना इस योजना का लाभ नहीं मिल सकता। लोगों के पास आधार कार्ड है, लेकिन उनमें कई तरह की गलतियां हैं। अब यह गलतियां सुधारने के लिए सुबह 6 बजे से लोगों की भीड़ लग रही है।
लाडली बहन योजना के कारण बढ़ी भीड़ : मंगलवार को सुबह 6 बजे जब इतवारी सिटी पोस्ट ऑफिस की सामने वाली सड़क से गांधीबाग उद्यान में आवाजाही करने निकले, तो डाकघर के बंद दरवाजे के सामने और बाहर तक लोगों की भीड़ नजर आयी। अचानक सुबह डाकघर में इतनी भीड़ के बारे में पूछताछ की, तो पता चला यह लोग आधार कार्ड में सुधार करने के लिए आए हैं। अधिकतर लाेग मध्य नागपुर के थे। दरअसल, लाडली बहन योजना का लाभ पाने के लिए आधार कार्ड जरूरी है। आधार कार्ड में कोई भी खामियां हो, तो उसे सुधारने के लिए डाकघर पहुंचे थे। बताया गया कि, किसी के नाम में गलती है, किसी की जन्म तारीख नहीं है, किसी के पते में गलती है।
30 का अपडेशन, 125 जा रहे वापस : इतवारी के सिटी पोस्ट ऑफिस में आधार कार्ड सुधार की प्रक्रिया पूरी की जाती है। यहां हर रोज 30 आधार कार्ड अपडेशन की प्रक्रिया की जाती है। लाडली बहन योजना का लाभ पाने के लिए आधार कार्ड मंे सुधार करने रोज 150 से अधिक लोग पहुंच रहे हैं। बताया जाता है कि, पहले आओ, पहले पाओ की तर्ज पर केवल 30 लोगों का ही काम किया जाता है। सुबह 6 बजे से आने वाले लोगों को डाकघर खुलने तक यानि 10 बजे तक इंतजार करना पड़ता है। डाकघर खुलने के बाद 30 लोगों का काम करने में दोपहर के एक बजते हैं। यानि अंतिम व्यक्ति को कमसे कम 6 घंटे से अधिक समय लग रहा है। हर रोज कम से कम 120 लोग लौट रहे हैं। काम के दौरान कभी सर्वर डाउन, तो कभी कोई समस्या आ जाती है। इससे लोग और परेशान हो रहे हैं। आम लोगों की योजना के दस्तावेज तैयार करने के लिए उपराजधानी में एक ही छत के नीचे सुविधाएं होनी चाहिए, ऐसा नागरिकों का कहना है।
Created On :   10 July 2024 2:55 PM IST