राजनीतिक गतिविधि: कार्यकर्ताओं से वन टू वन मिले पवार, विधानसभा चुनाव की तैयारी की ली जानकारी

कार्यकर्ताओं से वन टू वन मिले पवार, विधानसभा चुनाव की तैयारी की ली जानकारी
  • सामाजिक स्थिति को लेकर संगठन में चर्चा करने को कहा
  • महाविकास आघाडी के संबंध में निराधार प्रचारों का जवाब देने के लिए तैयार रहने की ताकीद
  • नागपुर व वर्धा जिले के दौरे पर, कार्यकर्ताओं को टटोला

डिजिटल डेस्क ,नागपुर। राष्ट्रवादी कांग्रेस के प्रमुख शरद पवार शनिवार को शहर में पहुंचे। नागपुर व वर्धा जिले के दौरे के सिलसिले में वे आए। सुबह विमानतल पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। बाद में वे सिविल लाइन में एक सत्कार कार्यक्रम में शामिल हुए। इस बीच वर्धा मार्ग स्थित होटल रेडिसन ब्लू में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से चर्चा की। सत्कार कार्यक्रम के पहले व बाद में उन्होंने दो बार कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरे के समय पवार एकदम सामान्य कार्यकर्ताओं से अधिक चर्चा करते नजर आए।

नागपुर के अलावा भंडारा, गोंदिया, गडचिरोली व चंद्रपुर के कार्यकर्ताओ से उन्होंन वन टू वन बात की। कार्यकर्ताओं ने भी महाविकास आघाडी व राकांपा अजित गुट के संबंध में विविध विषयों पर खुलकर चर्चा की। रेडिसन ब्लू में चर्चा के समय पूर्व मंत्री अनिल देशमुख , प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण कुंटे प्रमुखता से उपस्थित थे। विधानसभा चुनाव की तैयारी के संबंध में चर्चा के समय पूर्व नागपुर विधानसभा क्षेत्र का विषय प्रमुखता से सामने आया। दावा किया गया कि इस क्षेत्र में इस बार महाविकास आघाडी के पक्ष में वातावरण है। क्षेत्र में भाजपा ने लगातार 3 बार जीत पायी है। कांग्रेस में गुटबाजी है। कांग्रेस के इच्छुक उम्मीदवार आपस में उलझे हुए हैं। ऐसे में इस क्षेत्र में राकांपा का दावा मजबूत हो सकता है। काटोल क्षेत्र में अनिल देशमुख विधायक हैं। हिंगणा क्षेत्र में पूर्व मंत्री रमेश बंग या उनके परिवार के किसी सदस्य को पुन: मौका दिया जाए तो पार्टी को लाभ मिल सकता है। उधर अफजल फारुख सहित अन्य कुछ पदाधिकारियों ने विदर्भ की 4 से 5 सीटों का ब्यौरा रखा।

बताया गया है कि राकांपा में कुछ सीटों पर मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि को चुनाव लड़ने देने का निवेदन किया गया है। यह भी कहा गया है कि चुनाव तैयारी के लिहाज से जिला स्तर पर पार्टी संगठन कमजोर है। ऐसे में कुछ चिन्हित सीटों पर ही चुनाव तैयारी की जाए। वर्धा में राकांपा का लोकसभा सदस्य है। वहां राजनीतिक स्थिति में तेजी से बदलाव आ रहा है। कांग्रेस में चुनाव लड़ने के इच्छुकों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में गुटबाजी से दूर रहते हुए राकांपा को उम्मीदवारी दिलाने की मांग की गई है। पवार ने कार्यकर्ताओं से कहा है कि चुनाव के पहले ऐसी कोई गतिविधि न करें जिससे पार्टी को नुकसान हो। भाजपा व सत्ता पक्ष के अन्य दल दुष्प्रचार कर सकते हैं। उनका जवाब देने को तैयार रहे।

Created On :   17 Aug 2024 2:29 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story