Nagpur News: उड़ानों की सौगात - समर शेड्यूल में जयपुर, नोएडा और कोल्हापुर के लिए नई फ्लाइट

उड़ानों की सौगात - समर शेड्यूल में जयपुर, नोएडा और कोल्हापुर के लिए नई फ्लाइट
  • रनवे की री-कार्पेटिंग का काम लगभग पूर्णता की ओर
  • एक अप्रैल से दिन में भी उड़ेंगे विमान

Nagpur News. उपराजधानी के हवाई यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। नागपुर के डॉ. बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से जल्द ही दिन की उड़ानें शुरू होने जा रही हैं। इसके अलावा एक अप्रैल से लागू हो रहे समर शेड्यूल में नोएडा के नवनिर्मित आधुनिक एयरपोर्ट के साथ कोल्हापुर और जयपुर के लिए नई उड़ानों की सौगात भी मिल रही है। मार्च में रनवे की री-कार्पेटिंग का काम पूरा हो जाएगा, जिसके बाद सुबह नागपुर के एयरपोर्ट पर सुबह 10 से शाम 6 बजे तक विमानों के परिचालन पर लगी बंदिश हट जाएगी, जिससे यहां से अन्य डेस्टिनेशन के लिए जाने वाली उड़ानों के समय भी परिवर्तित किए जाएंगे। जल्द ही विमानन कंपनियां नए डेस्टिनेशन और टाइमिंग के अनुसार टिकट की बिक्री शुरू करेंगी। पिछले दिनों डीजीसीए, एएआई, सभी गैर-सरकारी व सरकारी, संयुक्त एरोड्रम ऑपरेटर (जिसमें मिहान इंडिया लि., नागपुर एयरपोर्ट भी सामिल है) और विविध एयरलाइंस के बीच दिल्ली में हुई बैठक में आगामी समर शेड्यूल के स्लॉट्स पर निर्णय लिया गया। इसके बाद 30 मार्च से 25 अक्टूबर 2025 के लिए समर शेड्यूल की घोषणा की गई है। समर शेड्यूल में नागपुर से जयपुर, नोएडा और कोल्हापुर के लिए उड़ानें शुरू की जा रही हैं।

वर्षों से उड़ान सेवा की मांग

इंडिगो की उड़ान संख्या 6416 आगामी 30 अप्रैल से रोजाना रात 11:05 बजे जयपुर से नागपुर पहुंचेगी। इसी तरह उड़ान संख्या 6411 सुबह 7:20 बजे नागपुर से जयपुर के लिए उड़ान भरेगी। नागपुर से जयपुर के लिए उड़ान सेवा की मांग वर्षों से हो रही थी। कई दिनों से इंडिगो ने इसके लिए डीजीसीए से परमिशन भी ले रखी थी। नागपुर-जयपुर सेवा शुरू होने से इस क्षेत्र में जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा होगी।

कोल्हापुर के लिए परिचालन

स्टार एयर भी इस समर शेड्यूल से नागपुर से परिचालन शुरू करने जा रही है। यह एयरलाइन कंपनी नागपुर से कोल्हापुर के लिए सेवा शुरू करेगी। स्टार एयर की उड़ान संख्या 250 रोजाना दोपहर 3:45 बजे नागपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेगी। इसी तरह उड़ान संख्या 251 शाम 4:15 बजे कोल्हापुर के लिए उड़ान भरेगी। नागपुर-कोल्हापुर सेवा 1 अप्रैल 2025 से शुरू होगी।

एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट के लिए उड़ान

नोएडा में एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनाया जा रहा है। इसके पहले चरण में नोएडा से जिन शहरों के लिए उड़ान संचालित की जा रही है, उसमें नागपुर भी शामिल है। नागपुर स्थित डॉ. बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए जारी समर शेड्यूल में नोएडा से नागपुर के लिए उड़ानों का शेड्यूल 30 मार्च से शुरू हो रहा है। इंडिगो की उड़ान संख्या 2518 दोपहर 4 बजे नागपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेगी। आधे घंटे बाद शाम 4:30 बजे उड़ान संख्या 2519 नोएडा के लिए उड़ान भरेगी।

अन्य उड़ानों के समय में बदलाव

नागपुर एयरपोर्ट पर री-कार्पेटिंग का काम पूर्ण होने के बाद समर शेड्यूल में यहां से अन्य उड़ानों का परिचालन समय भी बदल जाएगा।

  • 26 जुलाई से रोजाना इंडिगो की उड़ान संख्या 7336 दोपहर 12:10 बजे इंदौर से नागपुर पहुंचेगी। उड़ान संख्या 7337 दोपहर 12:35 बजे इंदौर के लिए वापस उड़ान भरेगी।
  • 30 जुलाई से सप्ताह में एक दिन बुधवार को इंडिगो 6139 उड़ान कोलकाता से नागपुर पहुंचेगी और उड़ान संख्या 2380 दोपहर 12:45 बजे यहां से दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी।
  • 1 अप्रैल से स्टार एयर की 2455 उड़ान रोजाना दोपहर 1:05 बजे पुणे से नागपुर पहुंचेगी। उड़ान संख्या 246 दोपहर 1:30 बजे नागपुर से किशनगढ़ के लिए उड़ान भरेगी।
  • 1 अप्रैल से इंडिगो की उड़ान संख्या 6455 रोजाना 2:20 बजे बंगलुरु से नागपुर पहुंचेगी। उड़ान संख्या 6456 दोपहर 2:55 बजे वापस बंगलुरु के लिए उड़ान भरेगी।
  • 1 अप्रैल से इंडिगो की उड़ान संख्या 2481 रविवार से शुक्रवार तक दोपहर 3:10 बजे पुणे से नागपुर पहुंचेगी। उसी प्रकार उड़ान संख्या 202 दोपहर 3:45 बजे पुणे के लिए उड़ान भरेगी।

एयरपोर्ट से दिन में परिचालन शुरू होने से विमानन कंपनियां अब उड़ानों की फेरिया बढ़ाएंगी। उड़ानों की संख्या बढ़ने के कारण विमान का किराया घटेगा। अभी नागपुर से मुंबई, दिल्ली, पुणे जैसे डेस्टिनेशन के लिए भारी किराया चुकाना पड़ रहा है।

Created On :   1 March 2025 7:23 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story