Nagpur News: सचिन पिलगांवकर को पसंद हैं नागपुर के लोग और सावजी, बोले - आजकल फेस से ज्यादा कंटेंट की वैल्यू

सचिन पिलगांवकर को पसंद हैं नागपुर के लोग और सावजी, बोले - आजकल फेस से ज्यादा कंटेंट की वैल्यू
  • अच्छी पटकथाएं और विदर्भ के कलाकार दर्शकों तक पहुंचाने के प्रयास
  • सचिन ने कहा - नागपुर के लोग फिल्मों की गहराई को समझते हैं

Nagpur News सुपर स्टार अभिनेता सचिन पिलगांवकर को नागपुर के लोग, सावजी और गर्मी पसंद है। उन्होंने कहा कि वे मुंबई से नागपुर गर्मी साथ लेकर आए हैं। यहां के लोग फिल्मों की गहराई को समझते हैं और उसी तरह की प्रतिक्रिया देते हैं। वह मराठी फिल्म "स्थळ' के ट्रेलर के लॉन्चिंग के दौरान पूरी टीम के साथ नागपुर आए थे। इस दौरान दैनिक भास्कर ने उनसे खास बातचीत की। सचिन इस फिल्म को प्रेजेंट कर रहे हैं। उनका कहना है कि आज के समय में फेस वैल्यू नहीं, बल्कि कंटेंट की वैल्यू है और मुझे इस फिल्म का कंटेंट बहुत पसंद आया।

घर-घर की कहानी : फिल्म निर्माता जयंत कहते हैं कि हम फिल्म के जरिए ऐसे मुद्दे को दिखाने की कोशिश कर रहे हैं, जो हर घर की कहानी है। पहले के जमाने में हो या अभी, लड़कियों को उनकी कद-काठी और कलर के पैमाने पर मापा जाता है। मैंने अपने आस-पास इस तरह की घटनाएं देखी है। यदि इस फिल्म के जरिए कुछ बदलाव हो, तो हमारे लिए बड़ी बात होगी। इस फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिल चुकी है। अब लोगों की बारी है इसे समझने की।

विदर्भ के कलाकार दर्शकों तक पहुंचें : सचिन ने कहा कि उनकी बेटी श्रिया ने पहली बार यह फिल्म मामी फेस्टिवल में देखी थी। श्रिया के आग्रह पर सुप्रिया और मैंने अमेरिका में "नाफा' फिल्म फेस्टिवल में यह फिल्म देखी। उस समय हम दोनों को भी यह फिल्म बहुत पसंद आई थी। यह देखते हुए कि अमेरिका में मराठी लोगों ने इस फिल्म को पसंद किया है, जो महाराष्ट्र की मिट्टी से जुड़ी हुई है। हमारी कोशिश है कि अच्छी पटकथाएं और विदर्भ के कलाकार दर्शकों तक पहुंच सकें।

अरेंज मैरिज पर आधारित फिल्म : हाल ही में इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया। फिल्म अरेंज मैरिज की अवधारणा पर आधारित है। इसमें ग्रामीण शादी की कहानी दिखाई गई है। फिल्म विदर्भ के एक ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाली एक युवती उसकी शिक्षा पूरी करने और प्रतियोगी परीक्षाओं में बैठने के सपने के बीच उसकी शादी की कहानी दर्शाती है। इसके अलावा, महिला सशक्तिकरण, रीति-रिवाजों और परंपराओं पर केंद्रित है। फिल्म में मुख्य भूमिका में नंदिनी चिकटे, तारानाथ खिरटकर, संगीता सोनेकर, सुयोग धवस, संदीप सोमलकर, संदीप पारखी, स्वाति उलमाले, गौरी बड़की और मानसी पवार हैं। सभी कलाकार विदर्भ के हैं। उन्होंने पहली बार कैमरा फेस किया है।

Created On :   21 Feb 2025 4:49 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story