- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- सावधान - मिलावटखोरों की अब खैर...
Nagpur News: सावधान - मिलावटखोरों की अब खैर नहीं, जल्द ही 28 मोबाइल प्रयोगशालाएं होंगी स्थापित

- अप्रैल में कार्यालय का उद्घाटन
- 40 प्रतिशत पद रिक्त
Nagpur News. मार्केट मिलावटी खाद्य पदार्थों से भरा पड़ा है। संसाधनों की कमी से संबंधित विभाग ऐसे मिलावटखोरों पर समय पर सख्त कार्रवाई नहीं कर पाता है, जिससे इनके हौसले बुलंद रहते हैं और ये धड़ल्ले से मिलावट का गोरखधंधा करते हैं। अब ऐसे मिलावटखोरों की खैर नहीं, इन पर सख्त कार्रवाई करने के लिए 28 मोबाइल प्रयोगशालाएं मिलावट की जांच कर दोषियों को सजा देने के लिए कमर कस रही हैं। अन्न व औषधि प्रशासन के पास केवल तीन प्रयोगशालाएं हैं। इससे खाद्य संबंधी शिकायतों के निपटारे, उनके समाधान, सैंपल लेने आदि में देरी होती है। इसके लिए प्रयोगशाला को और विस्तारित करने की आवश्यकता पर जोर दिया जा रहा है। यह जानकारी खाद्य एवं औषधि प्रशासन और विशेष सहायता मंत्री नरहरि झिरवाल ने दी है।
सख्त कानून की जरूरत है
शुक्रवार को मंत्री झिरवाल नागपुर आने के बाद सिविल लाइंस स्थित अन्न व औषधि विभाग की नई इमारत के निरीक्षण दौरान पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्यभर में 28 मोबाइल प्रयोगशालाएं एक महीने के भीतर विभाग को सौंप दी जाएंगी। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग मानव जीवन से जुड़ा हुआ है। इस विभाग को आज तक गंभीरता से नहीं लिया गया है। इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा था। अब इस पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। राज्यभर में कई स्थानों पर खाद्य नमूनाकरण प्रयोगशालाओं की आवश्यकता है। वर्तमान में राज्य में इनकी संख्या केवल तीन है। उन्होंने बताया कि मिलावटखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए कानूनों को और भी सख्त बनाने की जरूरत है तथा इसके लिए नया कानून बनाने की भी जरूरत है।
40 प्रतिशत पद रिक्त
विभाग में विभिन्न पदों में से लगभग 40 प्रतिशत पद रिक्त हैं। जनशक्ति की कमी के कारण शिकायतों के समाधान में कठिनाई होती है। वह प्रलंबित है, इसलिए भर्ती प्रक्रिया को शीघ्रता से क्रियान्वित करने पर जोर दिया जा रहा है। महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग द्वारा 190 पद भरे गए हैं। 36 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई है, साथ ही 1271 पदों पर भर्ती प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। झिरवाल ने बताया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए रिक्त पदों को भरने तथा प्रयोगशालाओं का विस्तार करने की आवश्यकता है।
अप्रैल में कार्यालय का उद्घाटन
नए कार्यालय भवन का निर्माण पूरा होने के बाद निरीक्षण करने आए झिरवाल ने कहा कि कार्यालय का उद्घाटन अप्रैल में किया जाने वाला है। सभी कार्य एक ही भवन में किए जाएंगे। प्लास्टिक के डिस्पोजेबल चाय के कपों के बारे में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि क्या इससे कैंसर होता है? पहले इसकी जांच की जाएगी। इसके बाद निर्णय लिया जाएगा कि इस पर प्रतिबंध लगाया जाए या नहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिव भोजन थाली बंद नहीं की जाएगी। वे विदर्भ में अमरावती और अब नागपुर संभाग की समीक्षा कर रहे हैं।
Created On :   1 March 2025 8:01 PM IST