Nagpur News: राख के दलदल से 4 जानवरों को सुरक्ष्रित बाहर निकाला

राख के दलदल से 4 जानवरों को सुरक्ष्रित बाहर निकाला
  • नारा रोड पर रेलवे ट्रैक के समीप की घटना
  • काेराडी पावर प्लांट से आनेवाली राख बनी घातक
  • पुराना तालाब अब राख के ढेर में तब्दील

Nagpur News काेराडी पावर प्लांट से आनेवाली राख के चलते पुराना तालाब अब राख के ढेर में तब्दील कर दिया गया। ऐसे में नारा रोड पर रेलवे ट्रैक के समीप मंगलवार की देर शाम 4 जानवर दलदल में फंस गए थे। इन जानवरों के फंसने की जानकारी शुक्रवार की शाम को जानवरों के मालिक संजय वैद्य को मिली थी। संजय वैद्य की सूचना पर मनपा के अग्निशमन दल ने शुक्रवार को कई घंटों की मशक्कत के बाद 1 गाय और 1 भैंस को सुरक्षित निकाला था। दलदल और गहरे अंधेेरे के चलते अन्य दो भैंस को शनिवार को सुरक्षित रूप में निकाला गया ।

प्राप्त जानकारी मुताबिक कोराड़ी पावर प्लांट से पाइपलाइन की सहायता से तालाब में राख को छोड़ा जाता है। मंगलवार काे नारा इलाके के नागरिक संजय वैद्य के 4 जानवर पानी की तलाश में तालाब के राख वाले हिस्से में पहुंच गए। इन जानवरों में 3 भैंस और 1 गाय शामिल है। जानवरों के फंसे होने को लेकर दो दिनों तक भैंस मालक संजय वैद्य को जानकारी नहीं थी। जानवरों के नहीं लौटने पर खोजबीन करने पर शुक्रवार की शाम को कोराडी पावर प्लांट के राख वाले तालाब में फंसे होने की जानकारी मिली। इसके आधार पर शुक्रवार की रात 7.30 बजे मनपा के अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।

सुगतनगर के कर्मचारियों की ओर से वाहन क्रमांक एमएच-31-एफसी- 2830 की सहायता से शुक्रवार की देर शाम 8 बजे से जानवरों को निकालने का प्रयास आरंभ किया गया, लेकिन पूरे इलाके में दलदल और गहरा अंधेरा होने से जानवरों को निकालने में खासी परेशानी हो रही थी। आखिरकार कई घंटों की मेहनत के बाद शनिवार की तड़के 3 बजे 1 गाय और 1 भैंस को सुरक्षित रूप में अग्निशमन दल के कर्मचारियों ने निकाला, जबकि दो भैंस गहरे दलदल में ही फंसी रही। ऐसे में शनिवार की सुबह करीब 10 बजे से दोबारा से जानवरों को सुरक्षित बचाने का प्रयास सुगतनगर फायर स्टेशन के कर्मचारियों ने आरंभ किया। इस दौरान जानवरों को निकालने के लिए 10 मजदूरों के साथ ही जेसीबी का भी सहारा लेना पड़ा।

कबूतर को सुरक्षित बचाया : महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग से शनिवार की सुबह प्रतापनगर इलाके के पेड़ पर अटके मांजा में फंसे कबूतर को सुरक्षित निकाला। शनिवार की सुबह करीब 10 बजे प्रतापनगर परिसर के स्वावलंबी नगर में संचेतनी अपार्टमेंट के सचिन शेंडे ने मनपा के कंट्रोल रूम में सूचना दी थी कि पेड़ पर नायलोन मांजा में कबूतर बुरी तरह से फंस गया है। ऐसे में त्रिमूर्तिनगर फायर स्टेशन के अधिकारी सव्वालाखे के नेतृत्व में वाहन क्रमांक एमएच-31-डीएस- 4930 की सहायता से नायलोन मांजा से कबूतर काे निकालकर सुरक्षित रूप में छोड़ा गया।


Created On :   22 Feb 2025 5:48 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story