- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- पर्यटन : पेंच व्याघ्र प्रकल्प में...
Nagpur News: पर्यटन : पेंच व्याघ्र प्रकल्प में नाव से सैर, धूूप सेंकते दिखेंगे मगरमच्छ

- दो हजार से ज्यादा पर्यटकों ने उठाया लुत्फ
- सैलानियों की संख्या लगातार बढ़ रही
Nagpur News पेंच व्याघ्र प्रकल्प में अब चप्पू वाली नाव से नदी की सफारी कराई जा रही है। फ्लाइंग कोलितमारा में मछुआरों को यह काम दिया गया है। पूरी तरह से सुरक्षा व्यवस्था के साथ यह मछुआरे सुबह के समय नदी में पर्यटकों को सैर कराते हुए मगरमच्छों का दीदार करा रहे हैं। अब तक 2 हजार पर्यटकों ने इसका लाभ उठाया है।
एक और गतिविधि जुड़ी : महाराष्ट्र के नागपुर जिले का पेंच जंगल हर किसी के लिए आकर्षण का केंद्र है। यहां करीब 9 सफारी गेट हैं। कुल बाघों की संख्या 50 से ज्यादा है। 789 वर्ग किमी में फैले इस जंगल में बाघ ही नहीं, तेंदुए-भालू भी देखने को मिलते हैं, इसलिए सैलानियों की संख्या लगातार यहां बढ़ रही है। पर्यटकों को और भी आकर्षित करने के लिए यहां फ्लाइंग कोलितमारा शुरू किया गया है। अब यहां के रोमांच में एक और गतिविधि जुड़ गई है।
मछुआरों को रोजगार : दरअसल यहां पर कुछ अधिकृत मछुआरे हैं, जो मछली पकड़ते हैं। उनके पास चप्पू वाली नाव है। इन्हें नदी की पूरी जानकारी है, लेकिन यह मछली केवल शाम को पकड़ते हैं। दिनभर वह खाली रहते हैं। ऐसे में इन्हें पेंच प्रशासन की ओर से एक नया काम दिया गया है। इनकी नाव से पूरी सुरक्षा के साथ नदी की सैर कराई जा रही है, जिससे पर्यटकों को आसानी से मगरमच्छों का दीदार हो रहा है। पेंच नदी में हुए सर्वे के अनुसार यहां पर 35 से ज्यादा मगरमच्छ हैं, जो सुबह धूप सेंकने के लिए पानी के बाहर निकलते हैं। किनारों पर इन्हें कहां देखा जा सकता है, इसकी पूरी जानकारी इन मछुआरों को होती है।
बड़ी नाव भी होगी शुरू : जल्द ही पेंच में 60 पर्यटकों को एक बोट में बैठाकर सफारी कराई जाने वाली है। इसके लिए बोट का आना बाकी है। करीब एक घंटे की यह सफारी रहने वाली है, जिसमें पानी के रास्ते पर्यटकों को जंगल की सैर कराई जाएगी।
Created On :   15 Feb 2025 7:12 PM IST