- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- जाम से निजात पाने तोड़ा था पुल -...
Nagpur News: जाम से निजात पाने तोड़ा था पुल - समस्या बढ़ी पहले से ज्यादा, स्टेशन के सामने जाम

- पश्चिम द्वार पर रहती है यात्रियों की भीड़
- रोड किनारे खड़े रहते हैं वाहन
- शाम को हालात और विकट
Nagpur News. रेलवे स्टेशन के सामने बने पुल को इसी कारण से तोड़ा गया ताकि यहां ट्राफिक जाम से राहत मिल सके। लेकिन इस पुल के टूटने के बाद मार्ग चौड़ीकरण का काम पूरा नहीं हो सका है। जिसके कारण यहां समस्या पहले से ज्यादा बढ़ गई है। एक तरफ ऑटो चालक दूसरी तरफ ई रिक्शा चालक अपने वाहनों को बेतरतीब ढंग से पार्क कर देते हैं। वहीं रही-सही कसर एमपी बस स्टैण्ड की बसें पूरी कर देती हैं। ऐसे में शाम को 6 बजे से 8 बजे तक यहां इतना ज्यादा ट्राफिक जाम हो जाता है, कि मिनटों तक सड़क से गुजरने वाले वाहनधारकों को रेंगना पड़ रहा है। इससे स्टेशन के भीतर आने वाले यात्रियों की भी ट्रेनें छूट रही हैं।
पश्चिम द्वार पर रहती है यात्रियों की भीड़
नागपुर का रेलवे स्टेशन यात्रियों के लिए अहम है। पश्चिम द्वार से आधे से ज्यादा यात्री यहां आते-जाते हैं। कुछ समय पहले तक तो यहां पुल बनाया गया था। ताकि ट्रैफिक से निजात मिल सके। लेकिन नीचे से वन वे रहने से यह समस्या हल नहीं हुई थी। पुल के ऊपर भले ही ट्रैफिक सुचारू तरीके से चलता था, लेकिन नीचे स्टेशन के सामने हाल हमेशा जाम का रहता था। ऐसे में जनप्रतिनिधियों द्वारा इस पुल को तोड़ने की घोषणा कर इस मार्ग को चौड़ा करने का ऐलान किया।
क्यों नहीं हुआ रोड चौड़ा?
जानकारी के अनुसार शहर के महा मेट्रो को पुल तोड़ने की वहीं रास्ता चौड़ा करने की जिम्मेदारी दी गई थी। लेकिन पुल तोड़ने के बाद रास्ते के दोनों तरफ मार्ग को चौड़ा करने में दिक्कत सामने आई। एक ओर मिलट्री का एरिया होने से यहां से जमीन अधिग्रहण करना मुश्किल हो रहा है, वहीं दूसरी ओर स्टेशन के बाद बस स्टैण्ड परिसर की जगह भी अभी तक नहीं मिल सकी है।
रोड किनारे खड़े रहते हैं वाहन
करीब सालभर पहले यहां से पुल को तोड़ा गया। लेकिन जगह के अभाव में मार्ग का चौड़ा होना रुक गया। जिसके कारण यह मार्ग अब चौड़ा न होते हुए उसी स्थिति में है। वहीं पुल टूटने से यहां ऑटो व ई रिक्शा चालकों के लिए सवारियां लेने का मुख्य प्वाइंट बन गया है। जिसके कारण सवारियों की तलाश में ई रिक्शा व ऑटो चालक यहां मनमाने तरीके से वाहनों को खड़ा करते हैं। रही सही-कसर एमपी बस स्टैंड की बसें पूरी कर देती हैं। मार्ग के किनारे बसों को खड़ा कर देने से मार्ग संकरा हो जाता है। जिससे जाम की स्थिति बन जाती है।
शाम को हालात और विकट
नागपुर स्टेशन से शाम के वक्त विदर्भ एक्सप्रेस के साथ पुणे जाने वाली महत्वपूर्ण गाड़ियां चलती हैं। जिससे यहां आने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में भीड़ की स्थिति अनियंत्रित होकर जाम को बढ़ावा मिलता है। इसमें कई बार यात्रियों को समय पर स्टेशन पहुंचना भी संभव नहीं हो पाता है।
Created On :   26 Feb 2025 6:04 PM IST